Bihar News: दरभंगा में मासूम से दरिंदगी पर उबाल, फांसी की मांग को लेकर सड़क जाम; जमकर नारेबाजी
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जघन्य अपराधों में देरी नहीं, बल्कि त्वरित कार्रवाई और शीघ्र सजा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानून की आवश्यकता है, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और समाज को न्याय मिल सके।
विस्तार
दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना से आक्रोशित लोगों ने गुरुवार को शहर में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को त्वरित फांसी की सजा देने की मांग करते हुए दोनार चौक और मिर्जापुर भंडार चौक पर सड़क जाम कर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में शामिल लोग पुलिस की कार्रवाई से नाराज दिखे। उनका कहना था कि इतनी हृदयविदारक घटना के बाद भी यदि वे विरोध जताते हैं तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अब तक छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि कई लोग पुलिस कार्रवाई के डर से घर छोड़कर फरार हैं। उनकी मांग है कि सड़क जाम में शामिल लोगों की गिरफ्तारी पर रोक लगाई जाए।
प्रदर्शन कर रहे कामेश्वर यादव ने कहा कि सरकार को संसद में ऐसा कानून बनाना चाहिए, जिससे इस तरह के जघन्य अपराधों में त्वरित सुनवाई हो और दोषियों को तुरंत सजा मिल सके। उनका कहना था कि लंबी न्यायिक प्रक्रिया के कारण अपराधियों में भय समाप्त हो जाता है। यदि ऐसे अपराधियों को शीघ्र फांसी की सजा मिलने लगे, तो न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में इस तरह की घटनाओं में कमी आएगी।
पढ़ें: आखिर सीबीआई ने संभाली NEET अभ्यर्थी की हत्या की जांच; सीएम नीतीश ने खुद की थी अनुशंसा
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जघन्य अपराधों में देरी नहीं, बल्कि त्वरित कार्रवाई और शीघ्र सजा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानून की आवश्यकता है, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और समाज को न्याय मिल सके।
वहीं, सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि शहर की स्थिति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि सड़क जाम की पूर्व सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवा दिया। उन्होंने बताया कि घटना के दिन ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था और मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है।
एसडीपीओ ने आश्वस्त किया कि कानून के तहत आरोपी को जल्द सजा दिलाने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट है और स्पीडी ट्रायल के लिए वरीय अधिकारी भी लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को पुलिस कार्रवाई में कोई कमी दिखती है तो वे पुलिस को अवगत कराएं, पुलिस पूरी गंभीरता से मामले की जांच कर रही है।