Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   bihar-vidyapati-state-festivel-preparations-incomplete-samastipur-administrative-claims

बिहार: विद्यापति महोत्सव में चार दिन शेष, तैयारियों की सुस्ती ने बढ़ाई चिंता; प्रशासनिक दावों पर उठे सवाल

Wed, 18 Nov 2026 04:11 PM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, समस्तीपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, समस्तीपुर Published by: दरभंगा ब्यूरो Updated Wed, 18 Nov 2026 04:11 PM IST
सार

समस्तीपुर में 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले 14वें विद्यापति राजकीय महोत्सव में अब चार दिन शेष हैं। तैयारियों की सुस्त रफ्तार पर मंदिर न्यास समिति ने चिंता जताई है। प्रशासन ने समय पर व्यवस्था पूरी करने का भरोसा दिया है।

विज्ञापन
bihar-vidyapati-state-festivel-preparations-incomplete-samastipur-administrative-claims
राजकीय महोत्सव का सूना पड़ा कार्य - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विज्ञापन

महाकवि विद्यापति की निर्वाण स्थली पर आयोजित होने वाले 14वें राजकीय विद्यापति महोत्सव की उलटी गिनती शुरू हो गई है, लेकिन तैयारियों की सुस्त रफ्तार चिंता बढ़ा रही है। 22 से 24 नवंबर तक होने वाले तीन दिवसीय महोत्सव में अब महज चार दिन शेष हैं। प्रशासनिक स्तर पर बैठकें हो चुकी हैं। जिलाधिकारी ने खुद कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर तैयारियों को लेकर असंतोष सामने आने लगा है।

मंदिर परिसर की रंगाई-पुताई और सजावट से लेकर मुख्य मंच, पंडाल और दर्शक दीर्घा के निर्माण तक कई महत्वपूर्ण काम समय पर पूरा करना चुनौती बना हुआ है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि पहले से निर्धारित आयोजन की तैयारियों में अपेक्षित तेजी क्यों नहीं दिख रही है?

विज्ञापन

महोत्सव की तैयारियों को लेकर 12 नवंबर को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने विद्यापतिधाम मंदिर और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने भव्य पंडाल, आकर्षक तोरण द्वार, बेहतर साउंड सिस्टम, अतिथियों के आवासन, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे।

विज्ञापन
विज्ञापन


पढे़ं: आठ हथियारबंद अपराधियों ने ज्वेलर्स में मचाया आतंक; जाते-जाते बोले- फिर आएंगे

इससे पहले सात नवंबर को एसडीओ किशन कुमार की अध्यक्षता में अधिकारियों और मंदिर न्यास समिति के सदस्यों की बैठक हुई थी। इसमें मुख्य मंच, हैंगर, दर्शक दीर्घा, बैठने की व्यवस्था, बिजली, यातायात प्रबंधन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई थी। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद आयोजन की तारीख नजदीक आने के साथ तैयारियों की गति पर सवाल उठ रहे हैं। इससे प्रशासनिक दावों और धरातलीय स्थिति के बीच अंतर नजर आने लगा है।

न्यास समिति ने जताई चिंता, अंतिम समय की हड़बड़ी से बिगड़ सकती है व्यवस्था
श्री बालेश्वर स्थान धार्मिक न्यास समिति के सचिव नवीन कुमार गिरी ने तैयारियों की रफ्तार पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि महोत्सव में अब बहुत कम समय बचा है, लेकिन जिस तेजी से काम होना चाहिए, वह दिखाई नहीं दे रही है। मंदिर परिसर की साफ-सफाई और सजावट के साथ कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महाकवि विद्यापति की स्मृति और मिथिला की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा है। इसकी गरिमा के अनुरूप तैयारियां होनी चाहिए। केवल बैठकें करने से महोत्सव भव्य नहीं बनेगा, बल्कि दिए गए निर्देशों का असर जमीन पर भी दिखना चाहिए।

न्यास समिति के सदस्य प्रवीण कुमार गिरी ने भी तैयारियों की गति पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, साहित्यप्रेमियों और अतिथियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मंच और पंडाल के साथ पेयजल, शौचालय, प्रकाश, पार्किंग और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का समय पर इंतजाम जरूरी है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का क्रियान्वयन मौके पर दिखना चाहिए। शेष बचे दिनों में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम पूरा करना चाहिए, ताकि आयोजन के दौरान अव्यवस्था की स्थिति नहीं बने।

कलाकारों के नाम और कार्यक्रमों की समय-सारिणी का इंतजार
तीन दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम सबसे बड़ा आकर्षण होंगे। स्थानीय कलाकारों के साथ नामचीन कलाकारों की प्रस्तुतियों को लेकर लोगों में उत्सुकता है। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान प्रसिद्ध कलाकारों को आमंत्रित करने के साथ स्कूली बच्चों के बीच रंगोली, क्विज और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए थे।

महोत्सव में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कला एवं संस्कृति मंत्री, सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किए जाने की योजना है। हालांकि, कलाकारों के नाम, कार्यक्रमों की विस्तृत सूची और दिनवार समय-सारिणी को लेकर अब तक आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। बाहर से आने वाले अतिथियों और श्रद्धालुओं के लिए आवासन, पार्किंग, पेयजल, शौचालय और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था करना भी प्रशासन के सामने अहम चुनौती होगी।

2013 से आयोजित हो रहा है राजकीय महोत्सव
महाकवि विद्यापति की साहित्यिक विरासत और मैथिली संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2013 से जिला प्रशासन और कला-संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विद्यापति राजकीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्तिक मास की परंपरा से जुड़ा यह आयोजन इस बार 14वें वर्ष में होगा।

मिथिलांचल के लोगों के लिए यह महज तीन दिनों का सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी भाषा, साहित्य, संस्कृति और पहचान से जुड़ा उत्सव है। ऐसे में आयोजन की सफलता केवल मंच और पंडाल की भव्यता से नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं और दर्शकों को मिलने वाली सुविधाओं से भी तय होगी।

अब देखना यह है कि शेष चार दिनों में प्रशासन कितनी तेजी से तैयारियां पूरी कर पाता है और बैठकों में दिए गए निर्देश धरातल पर कितने प्रभावी साबित होते हैं। इस संबंध में बीडीओ महताब अंसारी ने बताया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed