Bihar News: मधुबनी में दो सड़क हादसों ने छीने दो घरों के चिराग, दो घायल डीएमसीएच रेफर, परिजनों में कोहराम
Madhubani News: मधुबनी में होली के मौके पर दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। उनमें से दो गंभीर घायलों को इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
विस्तार
मोहम्मद हीरा ने खोया इकलौता बेटा
जानकारी के मुताबिक, नगर थाना क्षेत्र के भौआरा दरगाह चौक निवासी मोहम्मद हीरा का परिवार उस वक्त मातम में डूब गया, जब उनका गोद लिया बेटा 29 वर्षीय मोहम्मद अशरफ सड़क हादसे का शिकार हो गया। अशरफ एक रेस्टोरेंट में काम करता था और रोज की तरह अपने पिता हीरा के साथ घर लौट रहा था। रास्ते में वे निधि चौक के पास कुछ देर के लिए रुके, जहां हीरा सामान लेने के लिए पास की दुकान चला गया। उसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे खड़ी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे अशरफ की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- Bihar News:बिहार में बस और ट्रक के बीच जबरदस्त भिड़ंत; पांच यात्रियों की हालत गंभीर,12 लोग घायल
यह घटना शुक्रवार रात आठ से नौ बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग दौड़े। वहीं, टक्कर मारने वाली बाइक पर सवार दो युवक भी बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मधुबनी सदर अस्पताल भेजा, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। मृतक अशरफ के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
वहीं, नगर थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
लखनौर में बाइक दुर्घटना में एक की मौत
एक अन्य हादसा लखनौर थाना क्षेत्र के गंगापुर और दया खरवार गांव के बीच हुआ। जहां दरभंगा के डांस गांव निवासी 33 वर्षीय शंकर लाल देव की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा मलिक गुड्डू शाह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, शंकर लाल देव पटना में काम करते थे और होली पर मलिक के साथ घर लौटे थे। मलिक अपने ससुराल होली मनाने जा रहा था और शंकर को भी साथ ले गया। रास्ते में दोनों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से दोनों को झंझारपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शंकर की मौत हो गई। मलिक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- Bihar News:दो बाइकों की भीषण टक्कर में एक युवक की मौत, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया है और हादसे की जांच में जुटी है। मृतक शंकर के भतीजे सुमन कुमार देव ने बताया कि उनका चाचा हर साल होली में घर आता था, लेकिन इस बार होली की खुशियां शोक में तब्दील हो गईं।
हादसों से मातम में बदला माहौल
इन दोनों हादसों ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। जहां एक ओर मोहम्मद हीरा का घर अशरफ की मौत से उजड़ गया, वहीं दूसरी ओर दरभंगा का शंकर लाल देव भी परिवार के लिए कभी न भरने वाला खालीपन छोड़ गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पुलिस दोनों मामलों की गहन जांच में लगी है।