Bihar News: पांच दिन से लापता व्यवसायी का नहीं मिला सुराग, आक्रोशित व्यापारियों ने किया बाजार बंद
Madhubani News: व्यापारियों और परिजनों ने साफ कर दिया है कि अगर अगले तीन दिनों में दिलीप साह का कोई सुराग नहीं मिला, तो विरोध प्रदर्शन और तेज किया जाएगा। वहीं, पुलिस ने कहा कि हम सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रहे हैं और जल्द ही व्यवसायी को बरामद कर लिया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी मुख्यालय के किराना व्यवसायी दिलीप साह की गुमशुदगी को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। इससे आक्रोशित स्थानीय व्यापारियों ने शुक्रवार को बेनीपट्टी बाजार पूरी तरह बंद कर विरोध जताया। इससे पहले गुरुवार को मशाल जुलूस निकालकर व्यापारियों और परिजनों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। अब उन्होंने प्रशासन को तीन दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि अगर जल्द से जल्द व्यवसायी की बरामदगी नहीं हुई, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Bihar News:कब्रिस्तान के पास श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान नाच को लेकर दो पक्षों में मारपीट, दस लोग घायल
बाजार बंद के समर्थन में जुटे व्यापारी और आम लोग
जानकारी के मुताबिक, बेनीपट्टी के अंबेडकर चौक, लोहिया चौक और इंदिरा चौक समेत पूरे बाजार में स्थानीय व्यापारियों ने दुकानों को बंद कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित व्यापारियों ने घूम-घूमकर दुकानदारों से बाजार बंद रखने की अपील की, जिसे आम लोगों का भी समर्थन मिला। बाजार बंद को लेकर स्थानीय व्यापारी दिनेश महथा, लक्ष्मण पंडित, गौड़ीशंकर नायक, चंद्रशेखर महथा, शंभूनाथ साह और रमेश साह समेत लगभग पचास व्यापारियों ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को संयुक्त हस्ताक्षरित आवेदन सौंपा।
व्यवसायी की गुमशुदगी से दहशत में व्यापारी
बताया जा रहा है कि 24 मार्च की शाम को किराना व्यवसायी दिलीप साह अपने ग्राहकों से बकाया वसूली के लिए निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई अता-पता नहीं है। समय बीतने के साथ परिजनों और स्थानीय व्यापारियों के बीच चिंता और आशंकाएं गहराती जा रही हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय व्यवसायी भी अब अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
एसआईटी टीम के हाथ अब तक खाली
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ निशिकांत भारती के नेतृत्व में एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) का गठन किया गया था, लेकिन पांच दिन बीतने के बाद भी टीम के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। एसआईटी में सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर नीरज कुमार वर्मा, बेनीपट्टी के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शिव शरण साह, साहरघाट थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, पतौना थानाध्यक्ष राजकिशोर पंडित और मधुबनी टेक्निकल सेल के मनोहर कुमार को शामिल किया गया है। वहीं, एसडीपीओ निशिकांत भारती ने कहा है कि टीम को निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द व्यवसायी को सकुशल बरामद किया जाए और मामले का खुलासा किया जाए।
यह भी पढ़ें- Bihar:गिरिराज के संसदीय क्षेत्र में मुस्लिमों का वक्फ बिल के खिलाफ विरोध, दी ऐसी चेतावनी; Jdu का भी समर्थन
जल्द बरामदगी नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन
इधर, व्यापारियों और परिजनों ने साफ कर दिया है कि अगर अगले तीन दिनों में दिलीप साह का कोई सुराग नहीं मिला, तो विरोध प्रदर्शन और तेज किया जाएगा। व्यवसायियों का कहना है कि अगर पुलिस जल्द से जल्द लापता व्यवसायी को नहीं ढूंढ पाई, तो वे जिला मुख्यालय तक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं, एसडीपीओ निशिकांत भारती ने कहा कि हम सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रहे हैं और जल्द ही व्यवसायी को बरामद कर लिया जाएगा। पुलिस पूरी मुस्तैदी से इस केस को सुलझाने में जुटी हुई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.