Bihar News: मधुबनी में 48 घंटे में हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; पुलिस ने ऐसे की कार्रवाई
Bihar: एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, झंझारपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर कांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र में हुई गोली मारकर हत्या की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, झंझारपुर अनुमंडल के अंधराठाढ़ी थाना अंतर्गत शिवा रामपुर छहर में मोहम्मद सब्बीर उर्फ़ भुट्ट की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के पुत्र मोहम्मद कैश की लिखित शिकायत पर अंधराठाढ़ी थाना कांड संख्या 118/25 दर्ज किया गया।
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, झंझारपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर कांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय किशुन कुमार पासवान और 23 वर्षीय चंदन कुमार पासवान के रूप में हुई है। दोनों शिवा रामपुर, थाना अंधराठाढ़ी, जिला मधुबनी के निवासी हैं।
पढ़ें: नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद सीतामढ़ी में हाहाकार, सड़क टूटी; गांवों में कैद लोग
पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी राह चलते लोगों से रुपये और सामान की छीना-झपटी जैसी आपराधिक वारदातों में लिप्त रहे हैं और कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा उनसे गहन पूछताछ जारी है।