Bihar: दुष्कर्म के बाद पीड़िता का शव तालाब में फेंकने का आरोप, तीन पर प्राथमिकी दर्ज; भारी पुलिस बल तैनात
Bihar: सिटी एसपी अशोक कुमार ने बताया कि बच्ची का शव तालाब से बरामद किया गया था और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गलत काम की पुष्टि नहीं हुई है। मौत का कारण डूबना बताया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र अंतर्गत दोघरा गांव में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ कथित रूप से गलत काम कर उसकी हत्या करने और शव को तालाब में फेंकने का आरोप लगा है। इस मामले में मृतका की मां द्वारा जाले थाना में गांव के तीन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मृतका मुस्लिम समुदाय से है, जबकि आरोपी हिंदू समुदाय से संबंधित हैं। ऐसे में गांव में सांप्रदायिक तनाव की आशंका को देखते हुए एहतियातन भारी मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
हालांकि सिटी एसपी अशोक कुमार ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया गैंगरेप की पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है। बताया गया कि दोघरा गांव निवासी की 15 वर्षीय बेटी शनिवार दोपहर घर से निकली थी। वह बकरी के लिए पत्ता लाने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। अगले दिन रविवार को गांव के छौड़ाही तालाब में उसका शव तैरता हुआ मिला।
पढ़ें: नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, पति समेत तीन लोग लिए गए हिरासत में; जानें
मामले की जानकारी मिलते ही जाले थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका की मां ने गांव के ही हरिओम महतो, अमरदीप पूर्वे और मनीष कुमार पर गलत काम करने के बाद हत्या कर शव को तालाब में फेंकने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अमरदीप विवाहित है और दो बच्चों का पिता है, जबकि अन्य आरोपियों की शादी नहीं हुई है।
वहीं आरोपी मनीष कुमार के पिता शशिभूषण ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि गांव में एक आश्रम की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। वे लोग अवैध कब्जे का विरोध कर रहे हैं, इसलिए उनके बेटे को फंसाया जा रहा है। सिटी एसपी अशोक कुमार ने बताया कि बच्ची का शव तालाब से बरामद किया गया था और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गलत काम की पुष्टि नहीं हुई है। मौत का कारण डूबना बताया गया है। हालांकि, परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।