बिहार: दरभंगा में किसकी खुलेगी किस्मत? स्नातक और शिक्षक निर्वाचन की गिनती शुरू; जानें कब आएगा परिणाम
बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक और शिक्षक निर्वाचन की मतगणना लहेरियासराय स्थित खेल भवन में शुरू हो गई है। थ्री लेयर सुरक्षा के बीच मतपेटियों की गिनती जारी है। स्नातक में 40 और शिक्षक निर्वाचन में 13 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
बिहार विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन की मतगणना लहेरियासराय स्थित खेल भवन में शुरू हो गई है। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा की थ्री लेयर व्यवस्था की गई है। मतगणना अधिकारियों और काउंटिंग एजेंटों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मतगणना का परिणाम आने में 24 से 30 घंटे तक का समय लग सकता है। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन की मतगणना के लिए 14-14 टेबल बनाए गए हैं। शिक्षक निर्वाचन की गिनती सात से आठ राउंड तक चलने का अनुमान है, जबकि स्नातक निर्वाचन की मतगणना 10 राउंड तक चलने की संभावना है।
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 40 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। इनमें भाजपा के सर्वेश कुमार और राजद के अनिल कुमार झा के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। वहीं, जन सुराज के डॉ. इम्तियाज नूरानी इस मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हैं। लोगों की मानें तो मुख्य मुकाबला भाजपा के सर्वेश कुमार और राजद के अनिल कुमार झा के बीच ही है।
पढे़ं: विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतगणना जारी; धरने पर क्यों बैठ गए कांग्रेस प्रत्याशी?
वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 13 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। इनमें कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा और जन सुराज के डॉ. सुरेश राय के बीच मुख्य मुकाबला बताया जा रहा है। राजद से पहली बार चुनाव लड़ रहे कुमर राउत भी अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं, मुंगेर विश्वविद्यालय से इस्तीफा देकर जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले डॉ. घनश्याम राय और एनडीए कार्यकर्ता भी उनकी जीत का दावा कर रहे हैं।
टेबल पर लाई जा रहीं मतपेटियां
लहेरियासराय स्थित खेल भवन में विधान परिषद चुनाव की मतगणना के लिए मतपेटियों को टेबल पर लाया जा रहा है। स्नातक और शिक्षक निर्वाचन की मतगणना के लिए 14-14 टेबल बनाए गए हैं। स्नातक निर्वाचन की गिनती 10 राउंड तक और शिक्षक निर्वाचन की गिनती सात राउंड तक चलने की संभावना है।