भाजपा नेता ने सोनिया को कहा पूतना, राहुल को विदेशी तोता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बक्सर से भाजपा सांसद अश्विनी चौबे ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोलते हुए बेहद आपत्तिजनक बयान दिया है। शुक्रवार को नवादा में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान उन्होंने सारी हदें पार करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जहर की पुड़िया और पूतना (राक्षसी) तक कह डाला।
चौबे यहीं नहीं रुके उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं राजद प्रमुख लालू प्रसाद का नाम लिए बगैर कहा कि अब ये दोनों बड़े और छोटे भाई पूतना की गोद में बैठकर उसका दूध पीने को बेताब हैं।
चौबे ने नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में रंगा-बिल्ला की सरकार चल रही है और एक बार फिर जंगलराज लाने के लिए दोनों बिहार की सत्ता पर काबिज होने की फिराक में जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि सूबे की जनता इन दोनों के सियासी चालों को समझ चुकी है और चुनाव में इनको सबक सिखाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इनको सत्ता से बेदखल कर देगी और भाजपा के नेतृत्व बिहार में एक नए युग का सूत्रपात होगा। अश्वनी चौबे ने बृहस्पतिवार को भी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि वह इटली की गुड़िया है और राहुल गांधी विदेशी तोता।
कांग्रेस ने बयान पर जताई आपत्ति
बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चौधरी ने चौबे के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई हुए कहा कि यह भाजपा और आरएसएस का संस्कार दिखाने वाला बयान है। उन्होंने कहा कि चौबे ऐसा बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संघ को खुश करने के लिए दे रहे हैं। चौधरी ने कहा कि चौबे को अब तक मोदी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। इसलिए ऐसे बयान देकर वह मंत्रिमंडल में अपना स्थान पुख्ता करना चाहते हैं।
कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
सोनिया के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के विरोध में शुक्रवार की देर शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सांसद आश्विनी चौबे के पटना स्थित आवास पर जमकर प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेसियों ने आवास के बाहर अंडे और टमाटर फेंके। युवा कांग्रेस के महासचिव मंजीत साहु ने बताया कि अगर भाजपा नेता सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगेंगे तो उनके खिलाफ और बड़ा प्रदर्शन होगा।