Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Bihar: Zero tolerance for crime, corruption, and administrative negligence

बिहार: अपराध, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस, सीएम बोले-जनहित के काम में देरी बर्दाश्त नहीं

Sat, 28 Nov 2026 09:20 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना Published by: शबाहत हुसैन Updated Sat, 28 Nov 2026 09:20 PM IST
सार

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रशासनिक समीक्षा बैठक में अपराध, भ्रष्टाचार और लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने भूमि विवादों के समाधान, पुलिस गश्ती की निगरानी, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और विकास योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।

 

विज्ञापन
Bihar: Zero tolerance for crime, corruption, and administrative negligence
बैठक - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में अपराध, भ्रष्टाचार एवं प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गरीब एवं कमजोर वर्गों को हर हाल में न्याय मिले और अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई हो।

विज्ञापन

मुख्यमंत्री शनिवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' सभागार में जिला पदाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों के दो दिवसीय प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था समीक्षा सम्मेलन के पहले दिन की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों ने भी अपने-अपने जिलों में योजनाओं के क्रियान्वयन, कार्यों की प्रगति और विधि-व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया।

विज्ञापन

बैठक में गृह विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सीएम-क्यूआरटी, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व एवं भूमि सुधार, उद्योग, पथ निर्माण, जल संसाधन, शिक्षा, उच्च शिक्षा, समाज कल्याण, ग्रामीण विकास तथा डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि खुफिया एवं सूचना तंत्र को और मजबूत बनाया जाए। आम लोगों से नियमित फीडबैक लेकर प्रशासनिक व्यवस्था को जनहित के अनुरूप बनाया जाए। जनता दरबार का निरंतर आयोजन हो और अधिकारी लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करें। स्थानीय स्तर पर कार्यरत अधिकारियों की गतिविधियों पर भी लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी तरह की अनियमितता नहीं हो।

रात्रि गश्ती की जीपीएस से होगी निगरानी
मुख्यमंत्री ने पुलिस गश्ती व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि गश्ती की जीपीएस के माध्यम से निगरानी की जाए। फरार अपराधियों की लगातार ट्रैकिंग कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। इस कार्य की निगरानी आईजी एवं डीआईजी स्तर के अधिकारी स्वयं करें। पुलिस बल की संख्या, उपलब्ध संसाधनों और तैनाती की अद्यतन जानकारी रखी जाए तथा इसकी रियल टाइम मॉनिटरिंग हो। हथियारों के नियमित सत्यापन और उनके प्रदर्शन पर भी सख्त निगरानी रखने का निर्देश दिया।

भूमि विवादों के समाधान के लिए हर सप्ताह बैठक
मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि विवाद विधि-व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इनके समाधान के लिए अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की सप्ताह में एक बार नियमित बैठक आयोजित की जाए। डीसीएलआर एवं एडीएम के न्यायालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भूमि विवादों का समयबद्ध निपटारा हो सके।

उन्होंने सोशल मीडिया पर मिलने वाली जनशिकायतों एवं समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस निर्धारित समय-सीमा के भीतर जवाब दे। वहीं, विकास एवं जनकल्याण से संबंधित मामलों का संबंधित विभाग शीघ्र समाधान करें। जिला पदाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को महीने में कम से कम दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जनता तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने को कहा।

कृषि, उद्योग और विकास योजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, टीबी मुक्त भारत अभियान और जिला अस्पतालों में रेफरल व्यवस्था की समीक्षा की गई। कृषि विभाग के तहत बीज एवं खाद की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने एकीकृत कृषि प्रणाली, नकदी फसलों और किसान उत्पादक संगठनों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

उन्होंने जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में लैंड बैंक विकसित करने तथा स्थानीय उद्योगपतियों से नियमित संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकें।

पथ निर्माण एवं जल संसाधन विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटनाओं के ब्लैक स्पॉट में सुधार करने का निर्देश दिया। उन्होंने बाढ़ एवं गाद प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने और अंतरराज्यीय नदी लिंक परियोजनाओं को आगामी मानसून से पहले पूरा करने की दिशा में तेजी से काम करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी प्रतिबद्धता से काम करें। सरकार की प्राथमिकता सुशासन, सुरक्षा, न्याय और विकास है। प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित सर्वोपरि रहना चाहिए।

बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह एवं संजय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव एवं सचिव उपस्थित थे। इसके अलावा पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक, प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक तथा सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक भी बैठक में शामिल हुए।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed