{"_id":"6683ae489c657e4c7507e1eb","slug":"bihar-woman-shot-dead-in-nawada-wanted-to-punish-husband-s-killers-testimony-2024-07-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar : पति को इंसाफ दिलाने पर अड़ी पत्नी भी मारी गई; बिहार में हत्या की गवाही से पहले महिला गवाह का मर्डर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar : पति को इंसाफ दिलाने पर अड़ी पत्नी भी मारी गई; बिहार में हत्या की गवाही से पहले महिला गवाह का मर्डर
Tue, 02 Jul 2024 01:07 PM IST
आदित्य आनंद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नवादा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नवादा
Published by: आदित्य आनंद
Updated Tue, 02 Jul 2024 01:07 PM IST
सार
परिजनों ने बताया कि पूर्व से ही परिवार में आपसी रंजिश चला आ रहा था। साल 2018 में भी ममता कुमार के पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद वह अपने पति के हत्यारों को सजा दिलाने पर अड़ गई थी।
विज्ञापन
महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के नवादा में बेखौफ अपराधियों ने निर्मम तरीके से हत्या कर दी। अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर महिला को मौत के घाट उतार दिया। कारण बस इतना था कि वह अपने पति को इंसाफ दिलाने पर अड़ी हुई थी। वह हर हाल में अपने पति के हत्यारों को सजा दिलाना चाहती थी। इसलिए गवाही देने से दो दिन पहले अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी। यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उड़सा गांव के समीप सोमवार देर रात की है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।
विज्ञापन
पति को अपराधियों ने 18 गोली मारी थी
इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। मृतिका की पहचान वारसलीगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी स्वर्गीय विवेकानंद प्रसाद की पत्नी ममता कुमारी के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि पूर्व से परिवार में आपसी रंजिश और भूमि विवाद चला आ रहा था। उसी को लेकर वर्ष 2018 में भी उनके पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वक्त बेखौफ अपराधियों ने विवेकानंद प्रसाद के घर घुसकर उनपर 25 गोलियां चलाई थी। इसमें से 18 गोलियां विवेकानंद को लगी थी। सोमवार रात्रि उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई। पति के हत्या मामले में गांव के ही 12 लोगों पर नामजद चार अज्ञात पर स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया था। मृतक के परिजन ने वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के निवासी राजेंद्र सिंह का पुत्र अनिल सिंह से पूर्व से जमीनी विवाद चल रहा था।
विज्ञापन
तीन जुलाई को कोर्ट में थी ममता की गवाही
परिजनों ने बताया कि वह सोमवार देर रात अपने परिजनों से मिलकर घर लौट रही थी। इसी दाैरान अपराधियों ने कार से ओवरटेक कर रुकवाया और पांच से छह की संख्या में रहे अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीमार ममता की हत्या कर दी। उनके साथ रहे परिजन वहां किसी भी तरह जान बचाकर भागे। लेकिन, इस दौरान महिला की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि तीन जुलाई को ममता अपने पति के हत्यारों को खिलाफ गवाही देने वाली थी। इसलिए अपराधियों ने उसे मार डाला। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया है। फिलहाल पुलिस घटना की हर बिंदु पर अनुसंधान कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।
विज्ञापन