बिहारः कुर्सी पर बैठते ही तेवर दिखाने लगे तेजस्वी
तेजस्वी यादव के बिहार का डिप्टी सीएम बनने को लेकर चाहे जितने सवाल खड़े किए जा रहे हों लेकिन वो खुद को किसी तरह कमतर नहीं आंक रहे, यही कारण है कि कुर्सी संभालते ही उन्होंने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
सोमवार को पहली बार उप मुख्यमंत्री और पथ निर्माण मंत्री का चार्ज लेने के बाद उन्होंने अपने इरादे भी स्पष्ट कर दिए। विकास के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए कहा कि विकास और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा।
राज्य के आखिरी व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे हमारा पूरा प्रयास यही रहेगा। उन्होंने कहा मैं अपनी पूरी जान लगा दूंगा लेकिन बिहार के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोडूंगा। भ्रष्टाचार के मामले पर उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ किसी तरह की मुरव्वत नहीं बरती जाएगी।
बख्शे नहीं जाएंगे भ्रष्टाचार करने वाले
जहां भी इस तरह की कोई घटना सामने आएगी उस पर तुरंत जांच कराकर कार्रवाई होगी। तेजस्वी ने वादा किया कि वो उप मुख्यमंत्री के तौर पर इस तरह काम करेंगे कि नीतीश को भी उनके अपना डिप्टी होने पर फख्र होगा।
बता दें कि तेजस्वी यादव की शैक्षिक योग्यता और उनकी अनुभवनहीनता को लेकर लगातार उनकी आलोचना हो रही है। क्रिकेट से राजनीति की ओर रुख करने वाले तेजस्वी की उम्र जहां मात्र 26 साल है वहीं उनकी शैक्षिक योग्यता भी मात्र 9वीं पास ही है।
इसी को लेकर विरोधी उन पर निशाना साधे हुए हैं, लेकिन दो दिन पहले तेजस्वी ने इस पर यह कहकर कटाक्ष किया था कि कवर देखकर किताब का अंदाजा न लगाएं। दूसरी ओर तेजस्वी यादव के अलावा सोमवार को कांग्रेस कोटे के मंत्री अशोक चौधरी ने भी शिक्षा और आईटी मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया।