Bihar: लालू यादव बोले- धन से वोटर ही नहीं, जनप्रतिनिधि भी खरीद रही मौजूदा सत्ता; हिंदुत्व को लेकर क्या बोले?
RJD Foundation Day: लालू प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से राजद सामाजिक न्याय और जनहित की अपनी लड़ाई को आगे भी मजबूती से जारी रखेगा।
विस्तार
राष्ट्रीय जनता दल आज अपना 30वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर पार्टी के संस्थापक लालू प्रसाद यादव ने बिहार की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम संदेश जारी करते हुए तीन दशक के संगठनात्मक सफर को संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय की राजनीति का प्रतीक बताया। उन्होंने स्थापना दिवस पर सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लालू प्रसाद यादव ने अपने संदेश में कहा कि 5 जुलाई 1997 को राजद की स्थापना गरीबों, शोषितों, वंचितों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक न्याय की विचारधारा को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने कहा कि पिछले 30 वर्षों में पार्टी ने अनेक राजनीतिक चुनौतियों का सामना किया, लेकिन अपने मूल सिद्धांतों और जनहित के मुद्दों से कभी समझौता नहीं किया।
कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील
राजद सुप्रीमो ने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, समानता, रोजगार और समावेशी विकास की राजनीति के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। उनका कहना था कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अपने संदेश में लालू प्रसाद ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। ऐसे समय में सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए सभी लोकतांत्रिक ताकतों को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
राजद पार्टी नहीं, जन आंदोलन है
उन्होंने कहा कि राजद केवल चुनाव लड़ने वाली राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि जनता के हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ने वाला एक जन आंदोलन है। यही विचारधारा पार्टी की सबसे बड़ी ताकत रही है और आगे भी इसी दिशा में संगठन कार्य करता रहेगा। बता दें कि स्थापना दिवस के अवसर पर बिहार के सभी जिलों में राजद की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी कार्यालयों में ध्वजारोहण, कार्यकर्ता सम्मेलन, सम्मान समारोह और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से 30वें स्थापना दिवस को उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
लालू प्रसाद ने केंद्र की भाजपा नीत एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। जनता के नाम जारी अपने लिखित संदेश में उन्होंने कहा कि आज देश के लोकतांत्रिक ढांचे के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। उनका आरोप है कि 'समझौता कर चुके संवैधानिक संस्थान', आक्रामक होती बाजार व्यवस्था और दक्षिणपंथी प्रतिक्रियावादी राजनीति लोकतंत्र की बुनियाद को कमजोर कर रही है।
यह भी पढ़ें: प्रशांत किशोर बांकीपुर से जन सुराज प्रत्याशी; भाजपा के सामने खुद उतरे, CM भी निशाने पर
लालू प्रसाद ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक, समाजवादी, प्रगतिशील और संवैधानिक शक्तियां कठिन दौर से गुजर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धनबल का इस्तेमाल अब केवल मतदाताओं को प्रभावित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त तक पहुंच गया है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्गों की भागीदारी, शिक्षा और रोजगार में समान अवसर, अल्पसंख्यकों के अधिकार और सुरक्षा तथा सरकार की विफलताओं जैसे मुद्दों को तथाकथित 'हिंदुत्व' की आड़ में दबाया जा रहा है।