फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   Bihar News : Who is IPS Kamya Mishra resign bihar police, is kamya mishra join politics with Prashant Kishor

Bihar News : कौन हैं काम्या मिश्रा, जिनके इस्तीफे से हिला बिहार पुलिस मुख्यालय; आईपीएस की आगे की तैयारी जानिए

Mon, 05 Aug 2024 05:20 PM IST
कृष्ण बल्लभ नारायण न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना / दरभंगा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना / दरभंगा Published by: कृष्ण बल्लभ नारायण Updated Mon, 05 Aug 2024 05:20 PM IST
सार

Kamya Mishra IPS : बिहार कैडर की आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा के इस्तीफे से बिहार पुलिस मुख्यालय हिल गया। हर तरफ काम्या मिश्रा और उनके इस्तीफे की चर्चा। दरभंगा और मुजफ्फरपुर ज्यादा हिला। कौन हैं काम्या मिश्रा और क्या करने वाली हैं अब?

विज्ञापन
Bihar News : Who is IPS Kamya Mishra resign bihar police, is kamya mishra join politics with Prashant Kishor
आईपीएस काम्या मिश्रा को बिहार का लेडी सिंघम भी कहा जाता है। - फोटो : अमर उजाला डिजिटल

विस्तार

बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रिटायरमेंट के बाद भी भारतीय प्रशासनिक सेवा और भारतीय पुलिस सेवा के अफसरों को किसी-न-किसी रूप में सेवा देने के लिए चर्चित हैं, फिर 2056 में रिटायर होने वालीं काम्या मिश्रा ने इस्तीफा क्यों दिया? यह सवाल हरेक जुबान पर आ रहा है। जिसे, जैसे पता चल रहा है कि काम्या मिश्रा ने इस्तीफा दिया है- यही सवाल उठ रहा है कि कहीं सिस्टम से परेशान तो नहीं। 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी काम्या मिश्रा और उनके आईपीएस पति अवधेश दीक्षित ने इस सवाल पर 'अमर उजाला' को एक ही जवाब दिया- निजी कारणों से। तो, क्या यह कारण सचमुच निजी है। इस्तीफा स्वीकार होने के बाद काम्या मिश्रा आगे क्या हंगामेदार खबर बताती हैं, वह बाद में पता चलेगा। अभी यह पता चल रहा है कि वह दो अक्टूबर को कुछ बड़ा खुलासा करेंगी या सीधे हिमाचल प्रदेश जाकर अपने पारिवारिक काम को संभालेंगी।

विज्ञापन


सबसे पहले यह जानें कि कौन हैं काम्या मिश्रा
बिहार में दमदार छवि वाले आईपीएस अधिकारियों को विशेषण वाले नाम मिलते रहे हैं। एक समय गुप्तेश्वर पांडेय को रॉबिनहुड कहा जाता था। महाराष्ट्र से बिहार में आकर धमक दिखाने वाले शिवदीप वामनराव लांडे को बिहार का सिंघम कहा जाता है। इसी तरह काम्या मिश्रा को बिहार में लेडी सिंघम कहा जाता है। दिल्ली के श्रीराम कॉलेज से स्नातक करने वाली काम्या मिश्रा का जन्म एक नवंबर 1996 को हुआ था। वह ओडिशा की हैं। 2019 की संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम में 172वां रैंक पाकर काम्या मिश्रा ने आईपीएस ज्वाइन किया। उन्होंने बाद में ओडिशा से अपना कैडर बिहार करा लिया। यानी, जाहिर रूप से बिहार से उनका जुड़ाव है। उन्होंने आईपीएस के रूप में 26 अगस्त 2019 को ज्वाइन किया और दरभंगा ग्रामीण एसपी के रूप में 06 मार्च 2024 को मिली अंतिम पोस्टिंग पर रहते हुए इस्तीफा दिया है। उनकी रिटायरमेंट तिथि 30 नवंबर 2056 है, यानी अभी 32 साल से ज्यादा।

विज्ञापन


पति उसी बैच के आईपीएस अधिकारी अवधेश दीक्षित
काम्या मिश्रा काम के समय जरूरत पर जितनी कड़क नजर आती हैं, उतनी ही सौम्य और सहज हैं। वह सोशल मीडिया पर अपने पारंपरिक त्योहारों पर सजी-संवरी भी दिखती हैं और पति के साथ सुकून के पलों को भी शेयर करती हैं। उनके पति अवधेश दीक्षित इस समय मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी हैं। दोनों की शादी 2021 में हुई थी। दोनों 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। अवधेश दीक्षित का मूल राज्य राजस्थान है। उन्होंने भी काम्या की तरह आईपीएस के रूप में 26 अगस्त 2019 को ज्वाइन किया था। 26 जनवरी 2024 से अवधेश दीक्षित सिटी एसपी मुजफ्फरपुर की भूमिका निभा रहे हैं। अवधेश दीक्षित अपनी पत्नी से करीब चार साल बड़े हैं और वह भी सुलझे हुए अधिकारी हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन


राजनीति में उतरने की चर्चा, पीके के साथ आएंगी क्या?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ काम कर चुके प्रशांत किशोर, यानी पीके दो अक्टूबर को राजनीतिक दल के रूप में बिहार की राजनीति में उतरने वाले हैं। उन्होंने बिहार की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का एलान भी किया है और अपने हर प्रत्याशी की जीत की गारंटी भी दे रहे हैं। रविवार को उन्होंने पटना में युवाओं के बीच एक बड़ा कार्यक्रम भी किया था। इस खबर में पीके की चर्चा इसलिए हो रही है, क्योंकि दरभंगा में इस बात पर खूब बहस हो रही है कि काम्या मिश्रा राजनीति में उतरने वाली हैं और वह भी पीके के साथ। काम्या मिश्रा ने खुद इस्तीफे की वजह निजी बताई है और ऐसी संभावना पर फिलहाल चुप रह गई हैं। बिहार में आईपीएस से राजनीति में आए सुनील कुमार मंत्री हैं, हालांकि गुप्तेश्वर पांडेय डीजीपी के पद से इस्तीफा देकर राजनीति में आते-आते रह गए थे।


पिता की इकलौती वारिस, संभालने जाएंगी उनका काम?
'अमर उजाला' को एक और जानकारी मिल रही है। वह यह है कि काम्या मिश्रा अपने पिता का काम संभालने हिमाचल प्रदेश जाएंगी। उनके पिता का वहां बड़ा कारोबार है और उस घर की इकलौती वारिस काम्य ही हैं। इस खबर की पुष्टि के लिए भी उनसे बातचीत का प्रयास किया गया, लेकिन सोमवार की शाम वह मुजफ्फरपुर सिटी एसपी आवास में आकर बंद हुईं तो फिर मीडिया से बात नहीं की। ज्यादा संभावना इसी जानकारी के पक्के होने की है और अगर ऐसा हुआ तो इस्तीफा स्वीकार होने के बाद अपने परिवार का काम संभालने के लिए जाने से पहले वह मीडिया से भी बात कर सकती हैं। सोमवार को इस्तीफा देने के बाद उन्होंने 'अमर उजाला' से बातचीत में कहा भी था- "निजी और पारिवारिक कारणों से इस्तीफा दे रही हूं। इस काम में मन भी लग रहा था और शोहरत भी मिल रही थी, लेकिन अपना समय अपने परिवार को नहीं दे पा रही थी। इस बात को लेकर काफी परेशान भी रहा करती थी। लगातार बड़े केस आ रहे थे, अब इस काम से जुड़ी बड़ी जिम्मेदारियां पूरी हो गई हैं।"
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed