बिहार विधान परिषद निर्वाचन के मतदान के दौरान हंगामा: मजिस्ट्रेट के साथ नोकझोंक, लगाई कड़ी फटकार
बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के दौरान शुक्रवार को मुजफ्फरपुर समाहरणालय परिसर में दो राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद हंगामा हो गया। इस दौरान मजिस्ट्रेट के साथ भी नोकझोंक हुई।
विस्तार
बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के दौरान शुक्रवार को मुजफ्फरपुर जिला समाहरणालय परिसर में दो राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद हंगामा हो गया। इस दौरान मौके पर पहुंची मजिस्ट्रेट के साथ भी नोकझोंक हुई। इसके बाद मौके पर पहुंचे आला अधिकारियों ने स्थिति को शांत कराया। वहीं, कुछ देर के लिए समाहरणालय परिसर में अफरातफरी की स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंचे डीएम कुमार गौरव और सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने भीड़ को हटाया और मुख्य द्वार बंद करा दिया। अब केवल मतदाताओं को आने-जाने की अनुमति दी जा रही है। वहीं, जिला समाहरणालय परिसर में लोगों, खासकर राजनीतिक दलों के समर्थकों की भीड़ और बेतरतीब ढंग से खड़ी गाड़ियों के कारण अधिकारियों के वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई। इस दौरान जब डीएम बूथ का निरीक्षण करने पहुंचे, तो कुछ देर तक उनकी गाड़ी भी फंसी रही।
डीएम ने आनन-फानन में स्थिति को नियंत्रित किया और मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर भीड़ को हटाने का सख्त निर्देश दिया। वहीं, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने समाहरणालय का गेट बंद कराया और केवल मतदाताओं को आने-जाने की अनुमति दी।
ये भी पढ़ें-Live Bihar MLC Election 2026 Live: आठ सीटों पर दोपहर 12 बजे तक कितनी वोटिंग, जानिए कहां सबसे अधिक और कम हुआ मतदान?
इस दौरान एक राजनीतिक दल के समर्थक पर भीड़ के साथ एक पक्ष को बढ़ावा देने का आरोप लगा। मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट ने स्थिति को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन एक पक्ष के समर्थक ने मजिस्ट्रेट पर एकतरफा कार्रवाई करते हुए अपनी पार्टी के समर्थकों को जाने से रोकने का आरोप लगाया। इसके बाद वह मजिस्ट्रेट से उलझ गया।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। डीएम कुमार गौरव के हस्तक्षेप के बाद परिसर से भीड़ हटाई गई और मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

हंगामा

हंगामा

हंगामा