Bihar : शिवदीप वामन राव लांडे का त्यागपत्र स्वीकृत, सोशल मीडिया पर फिर लिखा -जल्द आपके बीच आ रहा हूं
Bihar: सुपरकॉप आईपीएस शिवदीप लांडे का इस्तीफा मंजूर हो गया। इसके साथ ही उन्होंने फिर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है - जल्द आपके बीच आ रहा हूं....। उनके ऐसा लिखने का क्या मतलब है, यह एक बार फिर चर्चा में है।
विस्तार
शिवदीप वामन राव लांडे का त्यागपत्र स्वीकृत कर दिया गया। इस संबंध में गृह मंत्रालय से पत्र जारी कर दिया गया है। आईपीएस अधिकारी शिवदीप लांडे ने 19 सितंबर को इस्तीफा दिया था। इसकी घोषणा उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने रिजाइन करने की घोषणा की थी। इससे पहले 6 सितंबर को उन्होंने पूर्णिया रेंज के आईजी का चार्ज संभाला था और चार्ज लेते ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
क्या लिखा है पत्र में
जारी किए गए पत्र में लिखा है कि भारतीय पुलिस सेवा से आपका त्यागपत्र 14 जनवरी 2025 द्वारा 13 जनवरी 2025 के प्रभाव से राष्ट्रपति महोदय द्वारा स्वीकृति संबंधी अधिसूचना 14 जनवरी गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा निर्गत की गई है। यह पत्र सरकार के अपर सचिव के दौरान निर्गत किया गया है।
सोशल मीडिया पर किया था पहला पोस्ट
आईपीएस शिवदीप लांडे हमेशा सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अपने संबंध में जानकारी देते रहे। उन्होंने पहली जानकारी 19 सितम्बर को अपने इस्तीफे की दी थी, जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा था कि- "मेरे प्रिय बिहार, पिछले 18 वर्षो से सरकारी पद पर अपनी सेवा प्रदान करने के बाद आज मैंने इस पद से इस्तीफा दे दिया है। इन सभी वर्षो में मैंने बिहार को ख़ुद से और अपने परिवार से भी ऊपर माना है। अगर मेरे बतौर सरकारी सेवक के कार्यकाल में कोई त्रुटि हुई हो तो मैं उसके लिए क्षमाप्रार्थी हूं। मैंने आज भारतीय पुलिस सर्विस (IPS) से त्यागपत्र दिया है परन्तु मैं बिहार में ही रहूंगा और आगे भी बिहार मेरी कर्मभूमि रहेगी।"
अब फिर लिखा
आईपीएस शिवदीप लांडे ने अभी से दो घंटा पहले फिर सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर करते हुए पोस्ट किया है। उस पोस्ट पर उन्होंने बस इतना ही लिखा- जल्द आपके बीच आ रहा हूं....। उनके ऐसा लिखने का क्या मतलब है, यह एक बार फिर चर्चा में है।