Train Accident News : दुर्घटनाग्रस्त नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के यात्री कैसे पहुंचेंगे गंतव्य तक; जानें यह तैयारी
North East Express Train Accident : पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने रात एक बजे यह बताया कि बक्सर में दुर्घटनाग्रस्त नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के सुरक्षित यात्रियों को रेलवे पहले आरा ला रहा है। जो ज्यादा गंभीर रूप से घायल हैं, उन्हें पटना एम्स भेजा जा रहा है।
विस्तार
बिहार में बक्सर के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन हादसे के करीब साढ़े तीन घंटे बाद रेलवे औपचारिक तौर पर कुछ बताने की स्थिति में आया। रेलवे ने चार मौतों की पुष्टि की। 50 लोगों के घायल होने की बात कही। इसके साथ ही रेलवे ने नॉर्थ ईस्ट के सकुशल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य प्रवक्ता वीरेंद्र कुमार ने रात एक बजे बताया कि इस ट्रेन के सुरक्षित यात्रियों को रात तीन बजे तक विशेष ट्रेन से गंतव्य स्टेशन तक रवाना किया जाएगा। यह विशेष ट्रेन आरा से कामाख्या तक नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के रूट पर ही चलेगी।
क्या कहते हैं रेलवे अधिकारी
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि 21:53 में रघुनाथ के पास नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस डिरेल हो गई। इस घटना में कई बोगियां बेपटरी से गई, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन और स्थानीय प्रशासन घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि आननफानन में सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को पटना एम्स भेजा गया है। वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि रेल के अधिकारी, दानापुर डीआरएम, जीआरपी और आरपीएफ जवान सहित सभी लोग घटनास्थल पर पहुँच गए।
अब इस रूट से चलेंगी ट्रेन
यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसके लिए रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में रूट बदल दिए हैं। वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि एक रूट आरा -सासाराम -DDU है जबकि दूसरा DDU-गया-पटना है। वीरेन्द्र कुमार के अनुसार दिल्ली से आने वाली ट्रेन फिलहाल पंडित दिन दयाल उपाध्याय से सासाराम-आरा-पटना होकर गुजरेगी। जबकि दूसरा मार्ग पंडित दिन दयाल उपाध्याय से गया रूट है जिससे होते हुए ट्रेनें पटना तक पहुंचेगी।
यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे प्रशासन ने की वैकल्पिक व्यवस्था
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन के यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। घटनास्थल पर 01.35 बजे एक रेक पहुंच गया जिससे नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। यह ट्रेन आरा से खुली है।
पटना स्टेशन पर बनाया गया हेल्पडेस्क
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि पटना जंक्शन अन्य स्टेशनों पर हेल्पडेस्क बनाये गये हैं। हेल्पडेस्क से घायल यात्रियों के संबंध में परिजनों को जानकारी दी जाएगी और उनकी मदद की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.