Bihar: मंत्री बोले- चुनाव बाद शटर डाउन हो जाएगा, शैलेंद्र सिंह ने कहा- नशे के नाले में बहाना चाहते हैं पीके
सारण विकास मंच के संयोजक शैलेंद्र सिंह ने कहा कि शराब के बारे में बापू की सोच स्पष्ट थी कि यह शरीर और आत्मा दोनों को नष्ट कर देती है। इस विचार के बाद बापू को मानने वाला कोई व्यक्ति कैसे शराब को सही ठहरा सकता है।
विस्तार
जनसुराज को पार्टी बनाने के एलान के बाद बिहार में सियासत तेज हो गई है। बिहार सरकार के मंत्री और सीएम नीतीश कुमार के करीबी श्रवण कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के बाद प्रशांत किशोर की राजनीतिक दुकान पर भी ताला लग जाएगा। उनका राजनीतिक शटर डाउन हो जाएगा। श्रवण कुमार ने कहा कि प्रशांत किशोर चुनाव प्रबंधन के पेशेवर ठेकेदार हैं। जहां से उन्हें ठेकेदारी मिलेगी, वहीं चले जाएंगे।
प्रशांत किशोर का यह सपना कभी पूरा नहीं होगा
वहीं सारण विकास मंच के संयोजक शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बापू का नाम लेकर शराब शुरू कराने का संकल्प प्रशांत किशोर ले रहे हैं, जो पाप है। कहा कि प्रशांत किशोर ने शराबबंदी खत्म कर अपनी राजनीति का अर्थ स्पष्ट कर दिया है कि वे बिना नीति के राज करना चाहते हैं। बापू की कर्मभूमि चंपारण से उन्होंने अपना अभियान शुरू किया और बापू के विचारों को ही कुचलते हुए राजनीति करने की कोशिश प्रशांत किशोर कर रहे हैं। प्रशांत किशोर का यह सपना कभी पूरा नहीं होगा।
यह शरीर और आत्मा दोनों को नष्ट कर देती है
शैलेंद्र सिंह ने कहा कि शराब के बारे में बापू की सोच स्पष्ट थी कि यह शरीर और आत्मा दोनों को नष्ट कर देती है। इस विचार के बाद बापू को मानने वाला कोई व्यक्ति कैसे शराब को सही ठहरा सकता है। प्रशांत किशोर शराबबंदी खत्म कर बिहार को फिर से नशे के नाले में बहाना चाहते हैं। यह किसी हाल में बिहार की जनता को स्वीकार्य नहीं होगा। कहा कि प्रशांत किशोर ने कहा कि शराबबंदी खत्म कर शराब पर आने वाले टैक्स का इस्तेमाल वे बिहार की शिक्षा में करेंगे। नशे में कौन सा युवा कैसी शिक्षा लेगा और नशे के कारण कौन सा समाज शिक्षित और सभ्य बन सकता है? प्रशांत किशोर शराबबंदी का विरोध सस्ती लोकप्रियता के लिए कर रहे हैं और यह किसी हाल में संभव नहीं है।