Bihar : शादी में हर्ष फायरिंग करने लगा नशे में धुत बाराती, BA की छात्रा के सिर में लगी गोली; फिर मचा ऐसा बवाल
जमुई में समधी मिलन के दौरान हर्ष फायरिंग में छात्रा की सिर में गोली लगने मौत हो गई। घटना सोमवार की देर रात की है।अहले सुबह लोगों ने सड़क जाम कर आरोपी के गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
विस्तार
जमुई में समधी मिलन के दौरान हर्ष फायरिंग में छात्रा की सिर में गोली लगने मौत हो गई। घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र के मिर्चा गांव की है। मृतका मिर्चा गांव निवासी रविन्द्र राम की पुत्री सोनम कुमारी है। घटना सोमवार की देर रात की है। सोनम कुमारी बीए पार्ट वन की छात्रा थी।
समधी मिलन के समय चली गोली
सिकंदरा प्रखंड अंतर्गत मिर्चा पाठकचक पंचायत की मुखिया जया देवी की भतीजी की शादी थी। इसी दौरान खैरा प्रखंड अंतर्गत खडूई बरियारपुर गांव से बारात मिर्चा गांव गाजे बाजे के साथ पहुंची। शादी के दौरान जब समधी मिलन होने लगा उसी समय बारात की तरफ से हर्ष फायरिंग हुई जिसमें गोली सोनम के सिर में लग गई जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गोली लगते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। शादी का माहौल मातम में बदल गया।
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोनम के शव को लेकर मंगलवार की अहले सुबह जमुई सिकंदरा मुख्य मार्ग स्थित मिर्चा मोड़ के पास सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लोग आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। लोगों का कहना था कि बिहार में शराबबंदी लागू है फिर भी धडल्ले से शराब बिक रहा है। सरकार और पुलिस जानबूझ कर शराब बिकवा रही है। और यही वजह है कि बारात में कई बाराती शराब पीकर झूम रहे थे और इसी क्रम में शराबी बाराती ने हर्ष फायरिंग करते हुए छात्रा की जान ले ली।
पुलिस ने हटवाया जाम
घटना के बाद सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। हर्ष फायरिंग करने वाले युवक की पहचान कर ली गई है। आरोपी टाउन थाना क्षेत्र के बिठलपुर निवासी अमित कुमार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मृतक सोनम पार्ट वन की छात्रा थी। वह तीन बहन व दो भाई में सबसे बड़ी थी।