Bihar News : गंगा में चार बच्चे डूबे; मुख्यमंत्री ने जताया दुःख, परिजनों को चार-चार लाख रुपये देने की घोषणा
Bihar : गंगा दशहरा के मौके पर चार बच्चे स्नान करने के क्रम में गंगा नदी में डूब गए। एसडीआरएफ को बुलाया गया। घटना की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को चार-चार लाख रुपया देने की घोषणा की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के भोजपुर में गंगा दशहरा के दौरान गंगा में नहाने से चार बच्चों की मौत हो गई। घटना बिहार और यूपी के सीमावर्ती क्षेत्र शिवपुर गंगा घाट के समीप की है। सभी मृतक बिहियां थाना क्षेत्र के खरौनी गांव के रहने वाले हैं। मृतकों की पहचान दीपू यादव, सोनू यादव, निशु शर्मा और रामजी गोंड के रूप में हुई है।
नहाने के क्रम में चार लोग डूबे
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा दशहरा के मौके पर बहोरनपुर थानाक्षेत्र के शिवपुर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से ही उमड़ रही थी। सैकड़ों लोग गंगा में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान चार लोग गंगा में डूबने लगे। इससे पहले कि कोई कुछ कर पाता, चारों गंगा की तेज धार में बह गए। उनके डूबने की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल हो गया। घटना के बाद गंगा में डूबे चारों बच्चों के परिजनों में कोहराम मच गया है। भीषण गर्मी और कड़ी धूप के कारण चारों की तलाश करने में परेशानी आ रही है। हालांकि एसडीआरएफ के साथ-साथ स्थानीय गोतोखोरों की टीम भी नदी में डूबे बच्चों के तलाश में जुटी है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एसडीआरएफ के साथ स्थानीय थाना की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और लापता बच्चों लोगों की नदी में तलाश शुरू कर दी गई है। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ है।
डीएम ने कहा घटनास्थल यूपी का क्षेत्र
घटना के संबंध में भोजपुर डीएम राजकुमार का कहना है कि घटना की सूचना जैसे ही मिली वैसी ही जगदीशपुर के एसडीएम और डीएसपी को घटनास्थल पर भेज दिया गया है। अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच कर कैम्प कर रहे हैं। जो घटना हुई है वह कानूनी रूप से यूपी के लालगंज ओपी क्षेत्र की है। यूपी प्रसाशन को सूचना दी गई है, एसडीआरएफ टीम पहुंच गंगा में शवो को ढूंढ रही है।
सीएम ने जताया दु:ख
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भोजपुर जिले के शिवपुर गंगा घाट पर चार बच्चों के डूबने से हुई मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना अत्यंत दु:खद है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।