Bihar News: दरोगा के बेटे की संदिग्ध मौत, इस इलाके में मिली लाश; चार दिन पहले गायब हुआ था
बाइपास थाना प्रभारी राजेश कुमार झा ने बताया कि मौके से सल्फास का एक डब्बा बरामद किया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा।
विस्तार
पटना के बाइपास थाने की पुलिस ने एक दरोगा पुत्र का संदिग्ध परिस्थिति में शव उनके अर्ध निर्मित मकान के छत से बरामद कर लिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दिया है। घटना की पुष्टि करते हुए बाइपास थाना प्रभारी राजेश कुमार झा ने बताया कि मौके से पुलिस ने सल्फास के एक डब्बा बरामद किया है। उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सल्फास की गोली खाने के बाद ही उसकी मौत हो सकती है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा।
20 मई के बाद से नहीं लौटा घर
बताया जा रहा है कि बाइपास थाना क्षेत्र के महारानी कॉलोनी में दरोगा विजय कुमार शाही जो अररिया में पदस्थापित हैं। उनका एक बेटा अनुभव कुमार 16 वर्ष सिमुलतला स्कूल के दसवीं क्लास का छात्र था। परिवार के लोगों ने बताया कि वह पिछले एक मई को अपने घर छुट्टी में आया था। 20 मई को वह अपने घर से कोचिंग जाने के लिए बोलकर निकाला और तब से वह लापता था। इसकी सूचना बाइपास थाने में लिखित रूप में की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा था छात्र
इधर, शुक्रवार की सुबह मोहल्ले में अर्ध निर्मित मकान से तेज दुर्गंध आने के बाद जब आसपास के लोगों ने कचरा फेंकने वाले को वहां भेजा तो अनुभव का शव अर्थ निर्मित मकान के छत पर पड़ा था। परिवार के लोगों ने अनुभव के हत्या की आशंका जताई है जबकि पुलिस का यह मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी मामले का खुलासा होगा। बाइपास थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन करने से यह स्पष्ट होता है कि 20 मई की शाम वह अपने अर्ध निर्मित मकान में अकेले जाते हुए देखा गया है तब से वह लापता था।