Bihar : राजद विधायक के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट किया जारी, इस कारण से उत्तराखंड के कारोबारी ने किया केस
Siwan News : सीवान से राजद विधायक बच्चा पांडेय के खिलाफ उत्तराखंड के चंपावत जिला सीनियर जज द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किया गया है।
विस्तार
राजद विधायक बच्चा पांडेय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है। यह वारंट उत्तराखंड जिला जज ने जारी की है। सूत्रों की मानें तो बच्चा पांडेय की गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड पुलिस ने बिहार पुलिस से संपर्क भी किया है। उनकी कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है। वारंट जारी होने के बाद सियासी गलियारे में हलचल तेज हो गई है।
उत्तराखंड के कारोबारी ने लगाई न्याय की गुहार
दरअसल, यह मामला बैंक चेक के बाउंस हो जाने का है। उत्तराखंड के कारोबारी धन सिंह ने विधायक बच्चा पांडेय के खिलाफ चेक बाउंस का मामला दर्ज कराया और न्याय की गुहार लगाई। बच्चा पांडेय से धन सिंह का कारोबारी संबंध है। इसके बाद चंपावत सिविल कोर्ट ने मामले की सुनवाई की। इसी मामले में सीनियर सिविल जज ने विधायक बच्चा पाण्डेय को गिरफ्तार कर हाजिर करने का आदेश दिया है।
26 जुलाई तक कोर्ट में पेश होने का आदेश जारी
कोर्ट द्वारा निर्गत की गई कॉपी में साफ स्पष्ट लिखा हुआ है। 26 जुलाई तक कोर्ट में बच्चा पांडेय पेश हो। बता दें कि कोर्ट ने चंपावत सीनियर सिविल जज द्वारा मेसर्स दरौली कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के तरफ सुनवाई के दरम्यान यह आदेश जारी किया है। इसमे चंपावत पुलिस अधीक्षक को आदेश की कॉपी भेजी गई है।
सीनियर जज ने जारी की गैर जमानती वारंट
बताया जा रहा है कि सीवान से राजद विधायक बच्चा पांडेय के खिलाफ उत्तराखंड के चंपावत जिला सीनियर जज द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। वह भी केवल इसलिए क्योंकि आरोप है कि विधायक बच्चा पांडेय द्वारा दिया गया बैंक चेक बाउंस हुआ था। इसके बाद दरौली कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी ने कोर्ट में केस किया। इसका केस नम्बर 119/2023 है। इसमें 138 NI एक्ट के तहत गैर जमानती वारंट जारी हुआ है। हालांकि, इस पूरे मामले पर विधायक बच्चा पांडेय से संपर्क करने की कोशिश की गई है लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।