Bihar Election 2020: तेजस्वी-तेजप्रताप और नीतीश के 4 मंत्रियों समेत 1463 उम्मीदवारों की भी किस्मत लॉक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दूसरे चरण में तेजस्वी, तेजप्रताप, नीतीश सरकार के चार मंत्रियों समेत 1,463 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में लॉक हो गई। इस चरण में 1,316 पुरुष, 146 महिला और एक थर्ड जेंडर उम्मीदवार हैं। पटना के फतुहा विधानसभा के सोनारू इलाके में स्थित बूथ संख्या 214-ए पर मतदान कर लौट रहे एक परिवार के तीन लोगों से मारपीट की खबर है।
इसमें तीनों लोग घायल हो गए। इन लोगों ने एक खास दल के समर्थकों पर पिटाई का आरोप लगाया। वैशाली के लालगंज विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा में तैनात बीएसएफ के सब इंस्पेक्टर केआर भाई की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सब इंस्पेक्टर गुजरात के वडोदरा के निवासी थे। मतदान के दौरान जमुई में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प की खबर है।
मतदान प्रतिशत
- मनेर में सबसे ज्यादा 61.8 फीसदी और दीघा में सबसे कम 34.5 फीसदी मतदान
- 54 फीसदी मतदान तेजस्वी की राघोपुर सीट पर
- 57 फीसदी मतदान तेजप्रताप की हसनपुर सीट पर
- चंद्रिका राय की परसा सीट पर 56.78 फीसदी, लव सिन्हा की बांकीपुर सीट पर 35.9 फीसदी मतदान
मधुबनी में नीतीश कुमार पर पथराव
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को मधुबनी जिले के हरलाखी विधानसभा क्षेत्र में रैली को संबोधित कर रहे थे, इसी बीच भीड़ से किसी ने पत्थर फेंक दिया। मुख्यमंत्री जब सरकार की उपलब्धियां गिना रहे थे, तभी जनसभा में मौजूद असामाजिक तत्व ने मंच की तरफ पत्थर फेंक दिया। इस घटना के बाद भी नीतीश बोलते रहे। उन्होंने कहा फेंको... फेंको और पत्थर फेंको। नीतीश ने इस घटना को नजरअंदाज करते हुए भाषण जारी रखा।
एक भी गलत वोट जंगलराज में धकेल देगा : सुशील मोदी
उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मतदाताओं से सावधानीपूर्वक मतदान करने को कहा। उन्होंने कहा कि आपका एक भी गलत वोट बिहार को फिर से जंगलराज की ओर धकेल देगा। वहीं राजग को दिया गया प्रत्येक वोट बिहार को विकास के पथ पर ले जाएगा। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस ने जिन्ना समर्थकों को टिकट दिया है।
नीतीश अब कभी नहीं बन पाएंगे मुख्यमंत्री : चिराग
बिहार में दूसरे चरण के मतदान में वोट डालने के बाद लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान ने खगड़िया में कहा कि नीतीश कुमार 10 नवंबर के बाद फिर कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि आप चाहें तो लिखवाकर ले लें, नीतीश कुमार अब कभी मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे।
इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि लोगों ने नीतीश मुक्त बिहार के लिए अपना आशीर्वाद दिया है। मैं लाखों बिहारियों के सुझाव पर तैयार दृष्टिपत्र के आधार पर काम करना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि लोगों ने अहंकार वाले बड़े-बड़े लोगों को सत्ता से गिरा दिया है। मुख्यमंत्री के पास कोई रोडमैप नहीं है।