भाजपा विधायक का आरोप, दो करोड़ में बेचा टिकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर भाजपा में लगी आग बुझने का नाम नहीं ले रही है। हर रोज कोई न कोई अपना ही भाजपा को ऐसा घाव दे रहा है, जिसकी दवा तलाशना पार्टी के लिए मुश्किल हो रहा है।
आरा से भाजपा सांसद आरके सिंह के बयान पर अभी पानी डाला ही जा रहा था कि अब विधायक विक्रम कुंवर के बयान से आग भड़क गई है। उन्होंने पार्टी पर टिकट बेचने का न केवल गंभीर आरोप लगाया है, बल्कि रकम तक का खुलासा कर दिया है।
इधर, निर्मली में पार्टी के कार्यालय में टिकट बेचने के आरोप में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की है। सीवान के रघुनाथपुर से विधायक विक्रम कुंवर का दावा है कि उनका टिकट काटकर भाजपा ने शहाबुद्दीन के शूटर मनोज सिंह को दो करोड़ रुपये में बेच दिया।
कुंवर ने बताया कि मनोज सिंह माफिया है और वह उनकी हत्या भी करवा सकता है। इससे पहले भाजपा सांसद आरके सिंह ने भाजपा पर पैसे लेकर टिकट बेचने का आरोप लगाया था। इसके बाद पार्टी में खलबली मच गई थी। दबे स्वर में ही सही शत्रुघ्न सिन्हा भी उनके समर्थन में उतर आए थे।
लगाया आरोप, मेरा टिकट दो करोड़ रुपये में बेच दिया
आरके सिंह के बयान के पीछे राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वह चेनारी विधानसभा सीट को लेकर नाराज चल रहे हैं। यह सीट भाजपा के खाते में थी और अचानक यह लोजपा के खाते में चली गई। लोजपा ने यहां से बाहुबली सुनील पांडेय के भाई को उम्मीदवार बनाया है।
पूर्व केंद्रीय गृह सचिव और आरा के सांसद उसके साथ मंच साझा करने में असहज महसूस कर रहे हैं, इसलिए उन्होंने सीधे बिहार भाजपा के वरीय नेताओं पर पैसे लेकर अपराधियों को टिकट देने का आरोप लगाया है। सिंह के निशाने पर सुशील कुमार मोदी थे।
हालांकि, अपने ऊपर लगे आरोपों पर सुशील मोदी ने कहा कि उन पर आरके सिंह की तरफ से लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। चुनाव के वक्त हम पर इस तरह के आरोप लगते हैं।