Bihar: कैंसर से जूझ रहे युवक ने की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम; घर में था अकेले...लगा ली फांसी
Bihar: सोमवार को जब घर के अन्य सदस्य बाहर थे, तभी महेश ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही अमडंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भागलपुर जिले के सनहौला प्रखंड स्थित मदारगंज गांव से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित एक युवक ने सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अमडंडा थाना क्षेत्र के मदारगंज निवासी राजेंद्र शाह के 28 वर्षीय पुत्र महेश कुमार शाह के रूप में हुई है।
बीमारी और आर्थिक तंगी से था परेशान
परिजनों के अनुसार, महेश दिल्ली में करीब दस वर्षों तक मजदूरी करता था। करीब नौ माह पहले उसे कैंसर का पता चला, जिसके बाद वह दिल्ली छोड़कर गांव लौट आया। बीमारी की वजह से वह कामकाज करने में असमर्थ हो गया था और परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। महेश का इलाज पहले भागलपुर में, फिर देवघर एम्स और अंततः पटना एम्स में कराया जा रहा था। लेकिन इलाज का खर्च उठाना परिवार के लिए कठिन होता जा रहा था। इसी मानसिक और आर्थिक तनाव के कारण महेश ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घर में अकेले था, लगा ली फांसी
सोमवार को जब घर के अन्य सदस्य बाहर थे, तभी महेश ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही अमडंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। मामले की जांच की जा रही है।
पांच साल पहले हुई थी शादी, दो छोटे बच्चों का था पिता
महेश की शादी वर्ष 2020 में राखी देवी से हुई थी। वह दो छोटे बच्चों का पिता था एक दो वर्षीय बेटा और छह माह की बेटी। महेश तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उनके पिता राजेंद्र शाह खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है।