{"_id":"6a09678e99ed47912b049822","slug":"bihar-news-women-murdered-by-throat-slitting-while-cutting-gras-in-navtoliya-village-bhagalpur-news-c-1-1-noi1518-4291778-2026-05-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: मोबाइल की रोशनी में बेटे ने देखा ऐसा मंजर, कांप उठा पूरा गांव, खेत में घास काटने गई महिला की हत्या","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: मोबाइल की रोशनी में बेटे ने देखा ऐसा मंजर, कांप उठा पूरा गांव, खेत में घास काटने गई महिला की हत्या
Sun, 17 May 2026 01:17 PM IST
भागलपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भागलपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भागलपुर
Published by: भागलपुर ब्यूरो
Updated Sun, 17 May 2026 01:17 PM IST
सार
Bihar: भागलपुर के नवटोलिया भतुआचक में घास काटने गई 50 वर्षीय रुक्मिणी देवी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पड़ोस के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी है।
विज्ञापन
घटना के बाद रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवटोलिया भतुआचक में एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान रुक्मिणी देवी (50), पति स्वर्गीय बैद्यनाथ मंडल, निवासी भतुआचक के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, रुक्मिणी देवी घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में घास काटने गई थीं। देर तक वापस नहीं लौटने पर उनका बेटा अमित कुमार उन्हें खोजने निकला। मोबाइल की रोशनी में तलाश के दौरान खेत में खून से लथपथ उनकी लाश पड़ी मिली। शव के पास घास का बोझा भी पड़ा था।
विज्ञापन
पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। बाद में सिटी एसपी शैलेन्द्र सिंह और सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की।
विज्ञापन
बेटे ने पड़ोसियों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतका के बेटे अमित कुमार ने पड़ोस के 4-5 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पांच दिन पहले पड़ोसियों से विवाद हुआ था। पड़ोसी के ट्रैक्टर की बैटरी चोरी होने पर उसके भतीजे पर आरोप लगाया गया था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
विज्ञापन
बेटी ने लगाया पीछा करने का आरोप
मृतका की बेटी ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने बताया कि एक पड़ोसी उसकी मां का खेत जाने के दौरान पीछा करता था। पांच दिन पहले मां ने इस बात की जानकारी दी थी, लेकिन विवाद बढ़ने के डर से बेटे को बताने से मना कर दिया था।
पहले पैर पर वार, फिर गला रेतकर हत्या
परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने पहले रुक्मिणी देवी के पैर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर गईं। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें दबोच लिया और गले पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। शव पर गले और पैर में गहरे जख्म पाए गए हैं।
खेत में मिला खून से लथपथ शव
अमित कुमार ने बताया कि वह अलीगंज बिजली कार्यालय में मानव बल के रूप में कार्यरत है। शाम को घर लौटने पर पत्नी ने बताया कि मां खेत गई हैं। इसके बाद वह उन्हें खोजने निकला, जहां खेत में शव मिला।
ये भी पढ़ें: पटना में मेडिकल एजेंसी में देर रात डकैती! परिवार जागा तो चोरों से हुई भिड़ंत, संचालक घायल
सात साल पहले पति की भी हुई थी हत्या
परिजनों ने बताया कि करीब सात वर्ष पहले मृतका के पति की भी हत्या हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।