{"_id":"67bb3ce27b6d716c4e0a6263","slug":"bihar-news-modi-visit-to-bhagalpur-on-monday-pm-kisan-samman-nidhi-installment-security-tightened-in-purnea-2025-02-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: पीएम मोदी का सोमवार को भागलपुर दौरा, किसानों को मिलेगा बड़ा तोहफा; पूर्णिया में भी सुरक्षा चाक-चौबंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: पीएम मोदी का सोमवार को भागलपुर दौरा, किसानों को मिलेगा बड़ा तोहफा; पूर्णिया में भी सुरक्षा चाक-चौबंद
Sun, 23 Feb 2025 08:51 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भागलपुर/पूर्णिया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भागलपुर/पूर्णिया
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sun, 23 Feb 2025 08:51 PM IST
सार
PM Modi Bhagalpur Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे देश भर के किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की 19वीं किस्त ट्रांसफर करेंगे। कार्यक्रम को लेकर क्या हैं तैयारियां... पढ़ें।
विज्ञापन
पीएम नरेंद्र मोदी
- फोटो : ANI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे देश भर के किसानों के खाते में करीब 20,000 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से ट्रांसफर करेंगे। इसमें बिहार के किसानों के खाते में लगभग 1,600 करोड़ रुपये की राशि डाली जाएगी। यह राशि पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त के तहत जारी की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सिर्फ एक घंटे के लिए भागलपुर में रहेंगे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब एक घंटे के लिए भागलपुर में रुकेंगे। वे दोपहर एक बजे विशेष विमान से पूर्णिया पहुंचेंगे, जहां से 1:25 बजे सेना के हेलिकॉप्टर से भागलपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 2:05 बजे प्रधानमंत्री भागलपुर पहुंचेंगे और हेलीपैड से वाहन द्वारा सीधे सभा स्थल पर जाएंगे। प्रधानमंत्री 2:15 बजे से 3:15 बजे तक जनसभा को संबोधित करेंगे और पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा। इसके बाद 3:15 बजे वे पूर्णिया के लिए रवाना हो जाएंगे।
विज्ञापन
विशाल जनसभा के लिए तैयारियां पूरी
प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए हवाई अड्डा मैदान में करीब 45,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 15 ब्लॉक बनाए गए हैं, जिसमें प्रत्येक ब्लॉक में 3,000 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। कार्यक्रम स्थल के आसपास बिहार की पारंपरिक मंजूषा पेंटिंग प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही राज्य के विशेष कृषि उत्पादों से जुड़ी 12 प्रदर्शनी और केंद्र सरकार की 50 प्रदर्शनी भी लगाई जाएंगी।
बड़े नेताओं की मौजूदगी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री के साथ मंच पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा और कृषि मंत्री मंगल पांडे मौजूद रहेंगे।
चार बड़ी परियोजनाओं की घोषणा और शिलान्यास की संभावना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दौरे में बिहार के विकास से जुड़ी चार बड़ी परियोजनाओं की घोषणा और शिलान्यास की संभावना है।
1. सुल्तानगंज में बनेगा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
सुल्तानगंज में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने की घोषणा की जा सकती है। पहले गोराडीह की जमीन को औद्योगिक पार्क और कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना थी, लेकिन अब सरकार सुल्तानगंज में एयरपोर्ट बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इससे भागलपुर और आसपास के जिलों के लोगों को हवाई यात्रा की सुविधा मिलेगी।
2. भागलपुर-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस
भागलपुर-पटना के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन की संभावना मजबूत हो गई है। रेलवे मंत्रालय के अधिकारी इस योजना को लेकर भागलपुर का दौरा कर चुके हैं। 24 फरवरी को रेलवे के डीआरएम और जीएम इस परियोजना की समीक्षा करेंगे। अगर सब कुछ सही रहा, तो प्रधानमंत्री भागलपुर-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस की घोषणा कर सकते हैं।
3. पीरपैंती को मिलेगा थर्मल पावर प्लांट
पीरपैंती थर्मल पावर प्लांट को फिर से शुरू करने के लिए 21,000 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। अगर प्रधानमंत्री इस परियोजना का शिलान्यास करते हैं, तो बिहार की ऊर्जा आपूर्ति में बड़ा सुधार होगा और रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
4. विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास संभव
भागलपुर में विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए सरकार ने जमीन चिह्नित कर ली है और अंतिम स्वीकृति की प्रक्रिया में है। अगर प्रधानमंत्री इसका शिलान्यास करते हैं, तो भागलपुर को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मिलेगी।
पूर्णिया में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूर्णिया के चूनापुर सैन्य हवाई अड्डे पर ट्रांजिट परिभ्रमण कार्यक्रम है। उनके आगमन को लेकर पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और सहरसा के पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा ड्यूटी पर लगाया गया है। सार्वजनिक स्थानों जैसे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और होटलों की विशेष निगरानी की जा रही है।
सुरक्षा को लेकर एडवांस सिक्योरिटी चेकिंग और मॉक ड्रिल
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर एडवांस सिक्योरिटी लाइजिनिंग (ASL) जांच की जा रही है। स्थानीय पुलिस के साथ एसपीजी के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। रविवार को पूर्णिया जिला प्रशासन ने चूनापुर सैन्य हवाई अड्डे से मेडिकल कॉलेज ट्रॉमा सेंटर तक मॉक ड्रिल की। इस दौरान सात मिनट में 10 किलोमीटर की दूरी तय की गई। पीएम के स्वास्थ्य आपातकाल के लिए ट्रॉमा सेंटर को हाईटेक किया गया है और विशेष मेडिकल टीम तैनात की गई है।
बड़ी घोषणाओं पर टिकी नजर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दौरे को लेकर बिहार के किसान, व्यापारी और आम जनता उत्साहित हैं। पीएम किसान सम्मान निधि की राशि के वितरण के साथ-साथ महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की घोषणाओं पर सभी की नजरें टिकी हैं। अगर इन परियोजनाओं को मंजूरी मिलती है, तो बिहार के विकास को एक नई गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।