{"_id":"683c7dcdd07c5c5dd60a3e49","slug":"bhagalpur-news-film-made-on-maharishi-mehi-paramahansa-ji-deputy-cm-samrat-inaugurated-app-and-portal-2025-06-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: महर्षि मेंहीं परमहंस जी पर बनी फिल्म, डिप्टी सीएम सम्राट ने किया एप और पोर्टल का लोकार्पण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: महर्षि मेंहीं परमहंस जी पर बनी फिल्म, डिप्टी सीएम सम्राट ने किया एप और पोर्टल का लोकार्पण
Sun, 01 Jun 2025 09:50 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भागलपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भागलपुर
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sun, 01 Jun 2025 09:50 PM IST
सार
Bhagalpur News: सम्राट चौधरी ने कहा कि भारत की आत्मा ऋषि परंपरा में बसती है, और महर्षि मेंहीं परमहंस जी जैसे संतों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
विज्ञापन
एप और पोर्टल के लोकार्पण के दौरान डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी तथा अन्य
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
भारत की अध्यात्मिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। कुप्पाघाट स्थित संतमत आश्रम में रविवार को आयोजित एक भव्य समारोह में महर्षि मेंहीं परमहंस जी महाराज के जीवन और विचारों पर आधारित हिंदी फिल्म मेंहीं- एक विचार का फर्स्ट लुक जारी किया गया। इसके साथ ही कुप्पाघाट आश्रम के मोबाइल एप और वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इन पहलों का शुभारंभ किया और इसे आध्यात्मिकता और तकनीक के अद्भुत संगम की संज्ञा दी।
विज्ञापन
संतमत के संदेश को विश्व तक पहुंचाने की पहल
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि भारत की आत्मा ऋषि परंपरा में बसती है, और महर्षि मेंहीं परमहंस जी जैसे संतों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक फिल्म या एप के लोकार्पण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संतमत की चेतना को विश्व पटल पर पहुंचाने की एक क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि मोबाइल एप्लिकेशन और पोर्टल के माध्यम से देश-विदेश में बसे अनुयायियों को सत्संग, भजन, साहित्य और मार्गदर्शन सहज रूप में उपलब्ध होगा।
विज्ञापन
'मेंहीं- एक विचार' फिल्म युवाओं को देगी दिशा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने फिल्म को समाज के हर वर्ग, विशेष रूप से युवा पीढ़ी के लिए एक उदात्त प्रेरणा स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के माध्यम से संतों के जीवन की गहराई, उनका त्याग और तपस्या जनमानस तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी। यह फिल्म संतमत की विचारधारा को सिनेमा जैसे सशक्त माध्यम से आमजन के बीच लाने का प्रयास है।
विज्ञापन
निर्देशक दीपक साह ने बताया उद्देश्य
फिल्म ‘मेंहीं- एक विचार, एक व्यक्तित्व’ के निर्देशक दीपक साह ने कहा कि यह महज एक बायोपिक नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक दस्तावेज है। उन्होंने बताया कि फिल्म में महर्षि मेंहीं जी के जीवन के विविध पहलुओं जैसे साधना, समाजसेवा, ध्यान और जनकल्याणकारी कार्यों को चित्रित किया गया है, जिससे हर आयु वर्ग के दर्शक प्रभावित होंगे। फिल्म का निर्माण अखिल भारतीय संतमत सत्संग महासभा, कुप्पाघाट और अवर पाथ एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया गया है।
वैश्विक अनुयायियों को जोड़ेगा ऐप और पोर्टल
अखिल भारतीय संतमत सत्संग महासभा, कुप्पाघाट के अध्यक्ष अरुण कुमार अग्रवाल ने कहा कि आश्रम के पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से दुनिया के किसी भी कोने में मौजूद अनुयायी महर्षि मेंहीं जी के जीवन दर्शन और सत्संग से जुड़ सकेंगे। महासभा के महामंत्री दिव्य प्रकाश ने कहा कि यह लोकार्पण एक तकनीकी उपलब्धि ही नहीं, संतमत की चेतना को नई दिशा देने का संकल्प भी है।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में संत, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे। स्वामी सत्यानंद बाबा, पूज्य भागीरथ बाबा, प्रमोद बाबा, स्वामी पंकज बाबा सहित कई आध्यात्मिक गुरु मंच पर उपस्थित थे। साथ ही विधान पार्षद एन.के. यादव, लोजपा (रामविलास) की प्रदेश महासचिव संगीता तिवारी, विधायक विजय खेमका, पवन यादव, कुमार शैलेन्द्र, जयप्रकाश यादव, महापौर वसुंधरा लाल, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज की।