Dowry: दूसरी पत्नी के साथ 6 माह से किराए पर रह रहा था तीन बच्चों का पिता, हाई वोल्टेज ड्रामा में पता चला यह सच
Bhagalpur News: भागलपुर में मंगलवार को एक मामले ने सबको चौंका दिया। यहां एक शख्स ने दहेज के लिए अपनी पत्नी को प्रताड़ित किया, यहां तक कि उसे जहर देकर जान से मारने की कोशिश की। जब पत्नी ने पति पर अदालत में केस कर दिया तो पति ने फरार हो गया और दूसरी शादी कर रहने लगा। जानें पूरा मामला...।
विस्तार
बिहार के भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र की एक घटना ने सभी को हैरान कर दिया। यहां तीन बच्चों के पिता ने पहली पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित कर जान से मारने की नीयत से उसे जहर खिलाया। फिर पिछले छह महीने से पहली पत्नी को छोड़कर कथित शादी कर ली और छिपकर थाना क्षेत्र के महेशपुर स्थित गुड्डी देवी के अपार्टमेंट में किराए के मकान में रहने लगा। इसकी जानकारी पहली पत्नी समेत परिजनों को हुई तो सभी किराए के मकान पर पुलिस लेकर पहुंच गए। उसके बाद घंटों हाई वोल्टेज ड्रामा चला। वहीं, पुलिस द्वारा अपार्टमेंट में करीब तीन घंटे तक आरोपी पति और उसकी कथित दूसरी पत्नी की तलाश करती रही। तब जाकर चौथे तल के एक कमरे में पलंग के नीचे छिपे मिले। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर बबरगंज थाने ले आई।
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला सुलतानगंज थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। वर्ष 2008 में सिमरिया निवासी माला देवी की शादी पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ सुल्तानगंज निवासी संजय बिन से हुई। आरोप है कि शादी के आठ साल के बाद पति संजय पहली पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा और मारपीट करने लगा। इसी दौरान वर्ष 2019 में संजय बिन ने अपनी पहली पत्नी माला देवी को जहर देकर मारने की कोशिश भी की थी। उसके बाद पीड़िता माला देवी अपने मायके चली गई। बताया जा रहा है कि इसके बाद संजय बिन ने चुपके से किसी दूसरी लड़की से कथित तौर पर शादी कर ली। फिलहाल गर्भवती वह है। संजय बिन के पहली पत्नी से तीन बच्चे हैं, जिनमें दो लड़कियां और एक लड़का है। उसे ननिहाल के परिजनों द्वारा भरण-पोषण के साथ पढ़ाया-लिखाया जा रहा है।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पहली पत्नी की मां मंगलवार को अलीगंज स्थित एक निजी क्लीनिक में इलाज कराने के लिए पहुंची थी। उसके बाद उसने आरोपी दामाद को देखा। सास ने उसका पीछा किया तो वह एक अपार्टमेंट में चला गया। जहां पर आरोपी दामाद ने अपार्टमेंट के दरवाजे को अंदर से लॉक कर दिया। उसके बाद सास ने अपनी बेटी सहित परिजनों को इसकी जानकारी दी। वहीं, पहली पत्नी सहित परिजनों ने दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन दरवाजा नहीं खोला गया। उसके बाद परिजनों ने इसकी जानकारी डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अपार्टमेंट में घंटों आरोपी पति की तलाश की। जहां चौथे तल के एक कमरे से आरोपी पति समेत दूसरी पत्नी मिले।
जानकारी के अनुसार, पहली पत्नी द्वारा आरोपी पति पर कोर्ट में दहेज प्रताड़ना का केस भी किया गया है, जिसको लेकर वह फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा कई बार आरोपी पति के घर पर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की गई थी। फिलहाल पुलिस आरोपी पति को अपनी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
वहीं, मामले को लेकर आरोपी की पहली पत्नी माला देवी ने बताया कि दहेज को लेकर मेरा पति प्रताड़ित करता था। मेरी शादी हिंदू रीति-रिवाज से वर्ष 2008 में हुई थी। शादी के बाद तीन बच्चे भी हुए। उसके बाद लगातार मेरे पति दहेज के रूप में पैसे की डिमांड करने लगे। मेरा परिवार पैसा देने में असमर्थ था। दहेज का विरोध करने पर मारपीट करता था। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2019 में मेरे पति ने जहर खिलाकर मुझे मरने की भी कोशिश की। इसके बाद आरोपी पति के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा दर्ज करवाया। न्यायालय की ओर से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ, जिसके बाद से मेरा पति छिप कर रहने लगा। वह मेरे साथ पिछले छह सालों से नहीं रह रहा था।