आदित्य हत्याकांडः पुलिस को चकमा देकर टेनी यादव ने किया सरेंडर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के गया निवासी छात्र आदित्य सचदेवा की रोडरेज में हुई हत्या के मामले में दूसरे मुख्य आरोपी टेनी यादव ने पुलिस को चकमा देते हुए कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस की कई टीमें लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका और सोमवार सुबह होते ही कोर्ट में पेश हो गया।
यहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। टेनी यादव के सरेंडर को पुलिस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि पुलिस उसे गिरफ्तार करती तो उससे हत्या के कई राज जान सकती थी लेकिन कोर्ट के सामने पेश होकर उसने पुलिस के अरमानों पर पानी फेर दिया।
हालांकि माना ये भी जा रहा है कि पुलिस ने जानबूझकर उसे कोर्ट में सरेंडर करने का मौका दिया, जहां उसने जज के सामने वारदात में खुद के शामिल होने से ही इंकार कर दिया। उसने हत्या के बारे में कुछ भी जानकारी से इंकार किया है।
बता दें कि कुछ दिन पहले गया के कारोबारी श्याम सुंदर सचदेवा के बेटे आदित्य की रोडरेज के दौरान हत्या कर दी गई थी, जिसका आरोप जेडीयू एमएलसी मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव पर लगा था। रॉकी यादव की रेंजरोवर कार को आदित्य की स्विफ्ट कार ने ओवरटेक कर दिया था।
रोडरेज में कर दी गई थी आदित्य सचदेवा की हत्या
जिससे गुस्साए रॉकी यादव ने आगे जाकर आदित्य की गाड़ी को रुकवाकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में रॉकी के साथ ही रेंजरोवर में मौजूद उसके गनर और उसके चचेरे भाई टेनी यादव को भी आरोपी बनाया गया था।
वारदात के तुरंत बाद पुलिस ने बेटे को छुपाने के आरोप में रॉकी के पिता बिंदी यादव और उसके गनर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि रॉकी को उसके पिता के डेरी फार्म से गिरफ्तार किया गया था।
मामले में केवल टेनी यादव पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था, पुलिस मान रही थी कि टेनी की गिरफ्तारी के बाद रॉकी यादव के खिलाफ केस को और मजबूत किया जा सकता है। लेकिन टेनी ने पुलिस को चकमा देते हुए सोमवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एक एक कर मुकर रहे हैं पुलिस के गवाह
अब पुलिस उसकी रिमांड लेने का प्रयास करेगी। वहीं कोर्ट में सरेंडर के दौरान टेनी यादव ने घटना के बारे में जानकारी से साफ इंकार किया। उसने कहा वह घटना के दौरान मौके पर ही मौजूद नहीं था। इससे पहले वारदात का मुख्य आरोपी रॉकी यादव भी इसी तरह का बयान दे चुका है।
पुलिस के सामने वारदात को कबूलने के बाद कोर्ट में उसने इंकार करते हुए कहा जिस दिन घटना हुई वह दिल्ली में था। इससे पहले घटना के दिन आदित्य के साथ उसकी गाड़ी में सवार उसके दोस्त भी हत्यारों को पहचानने से इंकार कर चुके हैं। कोर्ट में गवाही के दौरान दोस्तों ने बयान दिया कि उन्होंने गोली चलाने वाले को नहीं देखा।
मामले में पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लग रहे हैं क्योंकि एक-एक कर जहां सारे गवाह टूटते जा रहे हैं वहीं पुलिस भी मजबूती से पैरवी करने में असफल साबित हो रही है। इसके अलावा पुलिस सबूतों के मामले में भी लापरवाही बरतती दिख रही है, इसका नजारा उस समय दिखा जब आदित्य के खून से सने कपडों को कूड़े के ढेर में फेंक दिया गया। इसके अलावा पुलिस अभी तक रॉकी की मां मनोरमा देवी को भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है।