एलन मस्क का नया दांव: आ रही है टेस्ला की सबसे सस्ती SUV, आम लोगों के बजट में होगी फिट
Tesla Affordable SUV 2026: एलन मस्क की कंपनी टेस्ला एक बिल्कुल नई और किफायती कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV तैयार कर रही है। यह कार मौजूदा 'Model 3' और 'Model Y' से साइज में छोटी, हल्की और काफी सस्ती होगी। कंपनी इसे 'रोबोटैक्सी' और स्टीयरिंग वाली कार, दोनों वर्जन में पेश करने की योजना बना रही है। आइए जानते हैं टेस्ला के इस नए गेमप्लान और अपकमिंग ईवी की पूरी डिटेल।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अगर आप भी टेस्ला की शानदार इलेक्ट्रिक कार को सस्ते में खरीदने का सपना देखते हैं तो आपके लिए एक बड़ी और अच्छी खबर है। हाल ही में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, एलन मस्क की कंपनी एक बिल्कुल नई, छोटी और किफायती इलेक्ट्रिक एसयूवी बनाने पर तेजी से काम कर रही है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, टेस्ला ने हाल ही में अपने सप्लायर्स से इस नई कार के पार्ट्स और डिजाइन को लेकर बातचीत शुरू कर दी है।
कैसी होगी टेस्ला की यह नई SUV?
टेस्ला की यह आगामी इलेक्ट्रिक SUV मौजूदा 'Model 3' या 'Model Y' का कोई अपडेटेड या सस्ता वर्जन नहीं है, बल्कि कंपनी इसे पूरी तरह से एक नए प्लेटफॉर्म पर तैयार कर रही है। डिजाइन के मामले में यह कार काफी कॉम्पैक्ट होगी। इसकी लंबाई लगभग 4.28 मीटर (करीब 14 फीट) रखी जाएगी, जो इसे लोकप्रिय Model Y के मुकाबले काफी छोटा और शहर के ट्रैफिक के हिसाब से मुफीद बनाएगी।
इतना ही नहीं, टेस्ला का लक्ष्य इसे वजन में भी काफी हल्का रखने का है, जहां इसका कुल वजन करीब 1.5 टन के आसपास होगा। कीमत को आम लोगों के बजट में लाने के लिए कंपनी इसमें छोटी बैटरी और सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल करने की योजना बना रही है। हालांकि, छोटी बैटरी के कारण इसकी ड्राइविंग रेंज Model Y (306-327 मील) की तुलना में थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन इसका सबसे बड़ा आकर्षण इसकी कीमत होगी। माना जा रहा है कि यह टेस्ला की अब तक की सबसे सस्ती कार Model 3 से भी काफी कम कीमत पर बाजार में उतारी जाएगी।
रोबोटैक्सी या आम कार?
पिछले कुछ समय से एलन मस्क का पूरा ध्यान बिना ड्राइवर वाली 'रोबोटैक्सी' और ह्यूमनॉइड रोबोट्स पर ही केंद्रित रहा है। यहां तक कि 2024 में उन्होंने अपनी बहुचर्चित 25 हजार डॉलर वाली सस्ती इलेक्ट्रिक कार (Model 2) का प्रोजेक्ट भी ठंडे बस्ते में डाल दिया था। लेकिन अब सवाल उठता है कि टेस्ला फिर से एक नई एसयूवी पर काम क्यों कर रही है? दरअसल, कंपनी को यह समझ आ गया है कि पूरी तरह से ऑटोमैटिक ड्राइविंग यानी 'फुल ऑटोनॉमी' को कानूनी मंजूरी मिलने और इसे आम लोगों तक पहुंचने में अभी कई साल का समय लग सकता है।
यही वजह है कि टेस्ला अब एक 'डुअल-प्लान' यानी दोहरी रणनीति अपना रही है। इस नई कार को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि इसे दो अलग-अलग वर्जन में पेश किया जा सके। एक वर्जन जो पूरी तरह ड्राइवरलेस होगा और दूसरा वर्जन आम इंसानों के लिए होगा, जिसमें स्टीयरिंग व्हील और पैडल जैसे पारंपरिक कंट्रोल दिए जाएंगे। इस स्मार्ट रणनीति से टेस्ला को न केवल अपनी फैक्ट्रियों की क्षमता का पूरा इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी, बल्कि वह उन देशों के बाजारों में भी अपनी पकड़ मजबूत कर पाएगी जहां अभी ड्राइवरलेस कारों के लिए नियम स्पष्ट नहीं हैं।
कहां बनेगी और कब तक होगी लॉन्च?
जहां तक इस नई कॉम्पैक्ट SUV के निर्माण का सवाल है, सूत्रों के मुताबिक इसका प्रोडक्शन सबसे पहले चीन स्थित टेस्ला की शंघाई फैक्ट्री में शुरू किया जाएगा। इसके बाद कंपनी की योजना इसे अमेरिका और यूरोप के बाजारों तक विस्तार देने की है। हालांकि, लॉन्चिंग को लेकर अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है क्योंकि यह प्रोजेक्ट अभी अपने शुरुआती विकास के चरण में है।
एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस साल इस कार का बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन शुरू होने की उम्मीद न के बराबर है। वैसे भी, टेस्ला का इतिहास रहा है कि उसके कई बड़े प्रोजेक्ट्स (जैसे 'Roadster' और 'Semi' ट्रक) अपनी तय समय-सीमा से काफी देरी से आए हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि मस्क इस बार इस किफायती कार को कितनी जल्दी सड़कों पर उतार पाते हैं।