Tesla का पेटेंट: AC का काम करेगी कार की पैनोरैमिक ग्लास रूफ, धूप में खड़ी गाड़ी का केबिन रहेगा कूल, जानें कैसे
Tesla Glass Roof AC Patent: चिलचिलाती गर्मी में कार में बैठते ही केबिन काफी गर्म महसूस होने लगती है। यह समस्या लगभग हर कार सवार की आम परेशानी है। अब इसी दिक्कत का समाधान निकालने के लिए दिग्गज ईवी कंपनी टेस्ला ने एक खास टेक्नोलॉजी का पेटेंट कराया है, जिसमें कार की कांच वाली छत से ही ठंडी हवा पूरे केबिन में फैलाई जाएगी। जानिए यह नई तकनीक कैसे गर्मियों की इस बड़ी परेशानी को कम करेगी और क्या इलेक्ट्रिक कार की रेंज बढ़ाने में भी मदद कर सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Tesla Panoramic Glass Roof Cooling: गर्मियों में थोड़ी देर धूप में खड़ी रहने के बाद कार का केबिन बेहद गर्म हो जाता है। ऐसे में कार में बैठते ही ज्यादातर लोगों के मुंह से यही निकलता है — “अंदर तो एकदम भट्टी जैसी गर्मी है।” बैठते ही पसीना आने लगता है और AC चालू करने के बाद भी केबिन को सामान्य तापमान तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है।
इसी समस्या को खत्म करने के लिए टेस्ला ने एक बेहद अनोखा पेटेंट दर्ज कराया है। टेस्ला अब कार की पैनोरैमिक ग्लास रूफ (कांच की छत) को ही कार के एसी (HVAC) सिस्टम का हिस्सा बनाने जा रही है, जो ऊपर से सीधे ठंडी हवा की बौछार कर केबिन को मिनटों में ठंडा कर देगा। आइए जानते हैं कि यह नई तकनीक केबिन को कैसे ठंडा रखेगी।
जो पहले बढ़ाती थी गर्मी, अब वही देगी ठंडक
- आजकल कारों में लगे पैनोरैमिक ग्लास रूफ देखने में तो काफी आलीशान लगती है, लेकिन गर्मियों में यही कांच की छत केबिन को गर्म करने का सबसे बड़ा कारण बन जाती है। सूरज की सीधी और तेज किरणें इस कांच से छनकर कार के अंदरूनी हिस्से का तापमान बहुत ज्यादा बढ़ा देती हैं।
- टेस्ला ने इसी कमजोरी को अपनी ताकत बना लिया है। कंपनी की इस नई तकनीक के तहत अब कार के डैशबोर्ड पर लगे एसी वेंट्स के भरोसे रहने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि सीधे कांच की छत से ही ठंडी हवा नीचे आएगी और ऊपर से आ रही सूरज की तपिश को रास्ते में ही ब्लॉक कर देगी।
नई तकनीक कैसे केबिन को रखेगी सुपरकूल?
टेस्ला का यह पूरा सिस्टम बेहद आधुनिक इंजीनियरिंग पर काम करता है:
- डबल लेयर कांच का सुरक्षा कवच: इसमें साधारण कांच की छत के ठीक नीचे एक और बारीक छेदों (Perforations) वाली कांच की परत लगाई जाएगी।
- सिर के ऊपर से बरसेगी ठंडक: इसके बाद कार का एसी इस छत के जरिए यात्रियों के सिर के ऊपर से ठंडी हवा को धीरे-धीरे और एक समान रूप से पूरे केबिन में नीचे की तरफ फैलाएगा।
- गर्म हवा को बाहर निकालने का सिस्टम: इसके बाद विज्ञान की संवहन (Convection) प्रक्रिया शुरू होगी, जो कहती है कि ठंडी हवा भारी होने के कारण ऊपर से नीचे आती है और गर्म हवा हल्की होकर ऊपर उठती है। टेस्ला एक ऐसे वेंटिलेशन सिस्टम पर भी काम कर रही है जो ऊपर उठने वाली केबिन की इस दम घुटने वाली गर्म हवा को तुरंत कार से बाहर खींच (Suck) लेगा।
इस तकनीक के क्या होंगे फायदे?
- चेहरे पर तेज हवा का थपेड़ा नहीं: अक्सर केबिन गर्म होने पर लोग केबिन जल्दी ठंडा करने के लिए एसी फुल करके चला देते हैं, जिससे चेहरे और आंखों पर सूखी ठंडी हवा लगती है जो कई लोगों को परेशान करती है। इस तकनीक से चेहरे पर सीधे तेज हवा मारे बिना पूरा सफर आरामदायक हो जाएगा।
- पूरे शरीर को मिलेगी एक समान ठंडक: पारंपरिक एसी चलाने पर आगे से तो ठंडक मिलती है, लेकिन सीट से सटी हुई पीठ पसीने से भीग जाती है। ऊपर से आने वाली हवा पूरे शरीर को एक समान रूप से ठंडी रखेगी।
- एसी का लोड कम, इलेक्ट्रिक कार की रेंज ज्यादा: जब कांच की छत ही केबिन को तेजी से ठंडा करने लगेगी, तो कार के मुख्य एसी पर लोड बहुत कम हो जाएगा। एसी पर लोड कम होने का सीधा मतलब है कि ईवी की बैटरी कम खर्च होगी और कार ज्यादा किलोमीटर तक चलेगी।
गर्मी ही नहीं, ठंड में भी असरदार
यह तकनीक सिर्फ गर्मियों की समस्या ही नहीं, बल्कि सर्दियों के मौसम में इस छत के जरिए गर्म हवा को भी कार में फैलाया जा सकेगा, जिससे केबिन का तापमान सही बना रहे।
लेकिन क्या चुनौतियां भी होंगी?
यह आइडिया सुनने में जितना शानदार है, इसे लागू करना उतना ही चुनौतीपूर्ण हो सकता है। इस बारीक छेदों वाली डबल-लेयर कांच की छत को फैक्ट्रियों में बड़े पैमाने पर बनाना काफी मुश्किल और महंगा हो सकता है। साथ ही, अगर भविष्य में यह छत टूट जाए या इसमें कोई खराबी आए, तो इसकी रिपेयरिंग और बदलने का खर्च बहुत ज्यादा आ सकता है।
गाड़ियों में कब तक दिखेगी यह तकनीक?
फिलहाल यह टेस्ला का एक पेटेंट यानी कागजी आइडिया है और कंपनी ने अभी कोई तारीख तय नहीं की है कि इसे कमर्शियल कारों में कब तक दिया जाएगा। लेकिन उम्मीद है कि आने वाले समय में टेस्ला की अगली जनरेशन की इलेक्ट्रिक कारों में यह तकनीक देखने को मिल सकती है, जो कार के केबिन को हमेशा के लिए कूल बना देगी।