2027 में बदल जाएगी इन दो पॉपुलर इलेक्ट्रिक कारों की तस्वीर: मिलेंगे ये बड़े अपडेट, जानें क्या-क्या होंगे बदलाव
- 2026 में EV बिक्री तीन लाख के पार हुई।
- इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री 66 प्रतिशत बढ़ी।
- 2027 में नेक्सन ईवी भी हो सकती है अपडेट।
- नेक्सन-विंडसर ईवी में डिजाइन बदलाव संभव।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
भारत में ईवी की मांग तेजी से बढ़ रही है। साल 2026 में पहली बार इलेक्ट्रिक पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री तीन लाख यूनिट के पार पहुंच गई है। वाहन पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, एक जनवरी से नौ नवंबर 2026 के बीच देश में कुल 3,04,701 इलेक्ट्रिक पैसेंजर गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन हुआ। यह पिछले साल के मुकाबले 66 प्रतिशत ज्यादा है। बढ़ती मांग को देखते हुए वाहन निर्माता कंपनियां भी अपने नए मॉडल और मौजूदा गाड़ियों को अपडेट करने की तैयारी में जुटी हैं।
इसी कड़ी में 2027 में देश की दो पॉपुलर इलेक्ट्रिक कारों टाटा नेक्सन ईवी और एमजी विंडसर ईवी को बड़े अपडेट मिलने की उम्मीद है। दोनों गाड़ियों में डिजाइन से लेकर बैटरी और फीचर्स तक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। आइए जानते हैं कि इन दोनों इलेक्ट्रिक कारों में क्या कुछ नया मिलने वाला है।
2027 टाटा नेक्सन ईवी: नए प्लेटफॉर्म और बदले लुक के साथ होगी एंट्री
टाटा मोटर्स अपनी अगली जनरेशन की नेक्सन पर काम कर रही है। कंपनी के अंदर इसे 'गरुड़' कोडनेम दिया गया है। नई नेक्सन में मौजूदा मॉडल के मुकाबले कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें नया प्लेटफॉर्म दिए जाने की भी उम्मीद है।
माना जा रहा है कि नई नेक्सन के इलेक्ट्रिक वर्जन यानी नेक्सन ईवी में भी ये बदलाव मिलेंगे। हालांकि, गाड़ी का मौजूदा शेप और साइज बरकरार रखा जा सकता है।
फ्रंट लुक में दिखेंगे बड़े बदलाव
नई नेक्सन ईवी का आगे का डिजाइन पहले से अलग हो सकता है। इसमें नई ग्रिल, नए हेडलैंप, एलईडी डीआरएल और बदला हुआ बंपर देखने को मिल सकता है। इन बदलावों से कार को नया लुक मिलेगा।
केबिन में क्या बदलाव हो सकते हैं?
- नई नेक्सन ईवी के इंटीरियर यानी केबिन में भी कई बदलाव होने की उम्मीद है। टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों के मुताबिक, इसमें नया डैशबोर्ड और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले मिल सकता है।
- इसके टॉप वैरिएंट में डुअल स्क्रीन सेटअप दिया जा सकता है। इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ और आगे की सीटों में वेंटिलेशन जैसे फीचर्स भी मिलने की उम्मीद है।
बैटरी और रेंज में क्या होगा बदलाव?
टाटा मोटर्स ने अभी नई नेक्सन ईवी की बैटरी, मोटर की पावर, चार्जिंग टाइम और ड्राइविंग रेंज की जानकारी नहीं दी है। हालांकि, माना जा रहा है कि इसमें मौजूदा मॉडल की तरह 30kWh और 45kWh बैटरी पैक के विकल्प मिल सकते हैं। इसकी रेंज और परफॉर्मेंस को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
2027 एमजी विंडसर ईवी: बड़ी बैटरी के साथ होगी अपडेट
- जेएसडब्ल्यू मोटर इंडिया भी 2027 में अपनी पॉपुलर इलेक्ट्रिक कार एमजी विंडसर ईवी को अपडेट करने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नई विंडसर ईवी में मौजूदा मॉडल के मुकाबले बड़ी बैटरी दी जा सकती है।
- इसमें 61kWh का बैटरी पैक मिलने की उम्मीद है, जबकि मौजूदा मॉडल में 52.9kWh का बैटरी पैक मिलता है। यानी बैटरी की क्षमता बढ़ाई जा सकती है। हालांकि, नई विंडसर EV की मोटर पावर और ड्राइविंग रेंज को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
एक्सटीरियर में मिल सकते हैं ये बदलाव
- नई एमजी विंडसर ईवी के बाहरी डिजाइन में भी कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें आगे और पीछे के नए बंपर, अपडेटेड हेडलैंप और टेललैंप दिए जा सकते हैं। इसके अलावा नए अलॉय व्हील भी मिल सकते हैं।
- इसी के साथ नई विंडसर ईवी में कुछ नए एक्सटीरियर कलर ऑप्शन भी शामिल किए जा सकते हैं। वहीं, इसके केबिन में भी छोटे-मोटे बदलाव होने की उम्मीद है।
- मौजूदा एमजी विंडसर में पहले से ही बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पैनोरमिक ग्लास रूफ और वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें मिलती हैं। इसके अलावा कार में इनफिनिटी साउंड सिस्टम, 6 एयरबैग और लेवल-2 ADAS जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। उम्मीद है कि कंपनी नए मॉडल में इन फीचर्स को बरकरार रखते हुए बैटरी और डिजाइन को बेहतर बनाएगी।
कब तक हो सकती है लॉन्च?
फिलहाल नई एमजी विंडसर ईवी की लॉन्च डेट और कीमत को लेकर कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसके बड़ी बैटरी, नए डिजाइन और संभावित अपडेट को लेकर चर्चा है। इनकी आधिकारिक पुष्टि लॉन्च के समय ही होगी।
2027 में इलेक्ट्रिक कारों के बीच बढ़ेगी टक्कर
- भारत में इलेक्ट्रिक पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री 2026 में 3 लाख यूनिट के पार पहुंचना इस सेगमेंट की बढ़ती मांग को दिखाता है। ऐसे में टाटा मोटर्स और JSW मोटर इंडिया की ओर से अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक कारों को अपडेट करने की तैयारी अहम है।
- नई नेक्सन ईवी में जहां प्लेटफॉर्म, डिजाइन और केबिन में बदलाव मिल सकते हैं, वहीं एमजी विंडसर ईवी में बड़ी बैटरी और एक्सटीरियर अपडेट देखने को मिल सकते हैं। अब इन दोनों कारों के आधिकारिक फीचर्स, रेंज और कीमत का इंतजार रहेगा।
