रुद्रपुर। जिला योजना समिति के चुनाव में भाजपा ने शहरी क्षेत्रों की चारों सीटों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर की है। रुद्रपुर नगर निगम, दिनेशपुर नगर पंचायत, नगला नगर पंचायत और लालपुर नगर पंचायत से भाजपा के राजेश जग्गा, विष्णु, नारायण मंडल और सुनील रोहेला निर्विरोध निर्वाचित हुए। बुधवार को चारों नवनिर्वाचित सदस्यों का मेयर विकास शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिला महामंत्री तरुण दत्ता, अमित नारंग समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान नेताओं ने चारों सदस्यों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की विकास संबंधी जरूरतों और जनसमस्याओं को जिला योजना समिति के समक्ष प्रभावी ढंग से रखेंगे। मेयर ने कहा कि सीएम धामी के विकासपरक विजन के आधार पर शहरी क्षेत्रों की चारों सीटों पर भाजपा कार्यकर्ताओं का निर्विरोध चुना जाना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस मौके पर चेयरमैन दिनेशपुर कावल सिंह, चेयरमैन नगला सचिन शर्मा, रोशन अरोरा, विजय तोमर आदि मौजूद रहे।