पौड़ी जिला मुख्यालय में राज्य स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में जनपद प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और विधायक राजकुमार पोरी ने राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया। इस दौरान सूचना विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व-विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन भी किया गया। संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक दलों की लोकगीत और लोकनृत्य प्रस्तुतियों से हुई। प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर कांड जैसी घटनाएं राज्य आंदोलन के इतिहास का ऐसा अध्याय हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान के बूते ही पृथक राज्य मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने शिक्षा, साक्षरता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं और आम जनमानस की भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक न्याय पंचायत और विकासखंड स्तर पर उत्तराखंड राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।