कुमाऊं की पारंपरिक लोककला ऐपण (अल्पना) को संरक्षित करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को ऐपण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साह-चौधरी समाज नैनीताल एवं वृंदावन पब्लिक स्कूल की ओर से आयोजित 13वीं चंद्र लाल साह मेमोरियल वार्षिक अंतरविद्यालयी एवं तीसरी राजेन्द्र लाल साह ओपन ऐपण प्रतियोगिता ओपन और विद्यालय वर्ग में हुई, जिसमें 16 स्कूलों समेत अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता की संयोजक राखी साह और सह संयोजक भारती साह ने बताया कि वृंदावन पब्लिक स्कूल में यह प्रतियोगिता 2010 से आयोजित की जा रही है। आयोजकों का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोककलाओं को प्रोत्साहित करना तथा इनके संरक्षण के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करना है। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को लोककला ऐपण की बारीकियों से परिचित कराया जाता है। इसमें करीब 25 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। विषय विशेषज्ञ ब्रज मोहन जोशी ने ऐपण के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। इस मौके पर मनोज साह, अलोक साह, मोहित लाल साह, शैलेन्द्र साह, सुरेश चौधरी, ललित साह, अमित साह आदि उपस्थित रहे।