नैनीताल-काठगोदाम मार्ग पर मंगलवार सुबह पटाखों से भरे एक ट्रक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। ज्योलीकोट के समीप चलते ट्रक के पिछले हिस्से में आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक में रखे पटाखे फूटने लगे। बीच सड़क पटाखों के धमाकों से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान चालक ने किसी तरह ट्रक से उतरकर भागते हुए अपनी जान बचाई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पटाखों से भरा एक ट्रक हल्द्वानी से ज्योलीकोट की ओर जा रहा था। इसी दौरान ज्योलीकोट के पास अचानक ट्रक के पिछले हिस्से में आग लग गई। आग लगते ही ट्रक में रखे पटाखे फूटने लगे। सड़क पर पटाखों के लगातार धमाकों के कारण मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि, पटाखों के लगातार फूटने के कारण आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दमकल विभाग की टीम को भी सूचना दी गई। एहतियातन मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।