मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के टनकपुर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर धक्का-मुक्की भी हुई। मंगलवार को पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध करने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें पीलीभीत चुंगी और गैस वितरण कार्यालय के समीप रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने करीब 18 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर महिला और दलित विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और दलितों के साथ भेदभाव की घटनाएं बढ़ रही हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के लिए भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार, महंगाई और कानून-व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों पर जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है। इस दौरान प्रदेश सचिव सतीश पांडेय, नीरज मिश्रा, विनोद सिंह बड़ेला, साहिल गिरी, श्याम सक्सेना, इरशाद, आदिल, गौरव जोशी, पान सिंह रावत, अदनान, अमन, आकाश, आशिफ खान, अबरार, श्रीमन गुप्ता, शिवम मिश्रा और फैसल सिद्दकी आदि शामिल रहे।