पोखरी। विकासखंड पोखरी की चंद्रशिला पट्टी में भालू और अन्य जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का धरना सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। तहसील परिसर में चल रहे धरने में ग्रामीणों ने सरकार से उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक लखपत बुटोला भी धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में भी भालू, जंगली सुअर, बंदर और लंगूरों से लोगों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया गया है। जंगली जानवर लोगों पर हमले कर रहे हैं और फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लखनऊ के भालुओं को पहाड़ों में भेजा जा रहा है और हरिद्वार के बंदरों को पकड़कर चमोली जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में छोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के लोगों की सुरक्षा के लिए सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। उधर, सोमवार सुबह हापला घाटी के श्रीगढ़ और तोणजी गांव में भालू दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रीगढ़ में भालू ने एक लावारिस गाय को मार डाला। ग्रामीणों ने गांव के पास जंगल में भी भालू को देखा। पोखरी क्षेत्र के हरिशंकर, क्षेत्रपाल खड़की, पाव और भिकोना सहित कई गांवों में पिछले एक साल से भालू का खतरा बना हुआ है। इस वर्ष सिदेली में भालू के हमले में दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। वहीं डुंगर, बंथल, रडुवा, जौरासी, किमोठा और कांडई-चंद्रशिला में भालू मवेशियों को मार रहा है। भालू को पकड़ने के लिए वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरा लगाया है और कैमरे भी लगाए हैं। भालू को ट्रैंकुलाइज करने की व्यवस्था के साथ वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। वालंटियरों की टीम भी विभाग के साथ सक्रिय है। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि भालू का आतंक कम नहीं हो रहा है।