गौचर मेला मैदान में मंगलवार से प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों की चार दिवसीय जनपदीय शरदकालीन व शीतकालीन खेल प्रतियोगिताओं का आगाज हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद गत वर्ष के चैंपियन छात्र अक्षत ने मशाल दौड़ के साथ खेलों की शुरुआत की। प्रतियोगिता के पहले दिन आयोजित 600 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में दशोली की प्रियंका ने प्रथम, कर्णप्रयाग की बवीता ने द्वितीय और पोखरी की वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में गैरसैंण के ललित प्रथम, कर्णप्रयाग के निशांत द्वितीय व नारायणबगड़ के आदित्य तृतीय स्थान पर रहे। इससे पूर्व राजकीय आदर्श विद्यालय गौचर की छात्राओं ने स्वागत गान व सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। विधायक नौटियाल ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया।