बागेश्वर जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान के सभागार में कक्षा छह से 10 तक के गणित शिक्षकों के लिए आयोजित पांच दिवसीय गणित प्रयोगशाला प्रशिक्षण कार्यशाला का चौथा दिन भी उत्साहपूर्वक जारी रहा। शिक्षकों को क्षेत्रमिति, मापन, सांख्यिकी और प्रायिकता आधारित विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में मुख्य संदर्भदाता प्रो. अनूप कुमार राजपूत ने गणित शिक्षण को गतिविधि आधारित, रुचिकर और प्रभावी बनाने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अनुभवात्मक और प्रयोगात्मक शिक्षण से ही बच्चों में गणित के प्रति रुचि पैदा की जा सकती है। इस दौरान उन्होंने वर्ग को समान भागों में विभाजित करने संबंधी गतिविधि के माध्यम से जटिल गणितीय अवधारणाओं को सहजता से समझाने के गुर सिखाए। साथ ही विद्यार्थियों के मूल्यांकन, अधिगम प्रतिफलों के अनुरूप शिक्षण योजना बनाने और कक्षा में बच्चों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्राचार्य कमलेश्वरी मेहता ने शिक्षकों को गणित शिक्षण को अधिक तार्किक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण प्रभारी और सह-संदर्भदाता डॉ. बीडी पांडेय ने इन गतिविधियों के विद्यालयी उपयोग और गणित प्रयोगशाला के प्रभावी संचालन पर बल दिया।