वाराणसी में चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन आरोपियों को लंका और भेलूपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार की रात रविंद्रपुरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उनके पास से एक स्कूटी, सफेद धातु की दो सिल्ली और 50000 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत चार लाख रुपये है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में भगवानपुर निवासी समीर सोनकर, नगवा निवासी करन सोनकर और बिहार के रोहतास विक्रमगंज का मूल निवासी और वर्तमान में भगवानपुर का रहने वाला हिमांशु गिरी है। लंका और भेलूपुर थाना क्षेत्रों में दर्ज कई चोरी के मामलों में यह तीनों वांछित थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह नशे के आदी हैं और नशा करने के लिए चोरी करते थे। जुलाई और अगस्त महीने में भागवत धाम कॉलोनी, श्यामनगर कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी और जानकी नगर कॉलोनी में चोरी की वारदातें कबूल कीं। चोरी के चांदी के आभूषण को पिघलवाकर सिल्ली बनवाते थे।