माधवपुर आचार्य गांव के बाहर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद शांत कराने पहुंचे प्रभुनाथ निषाद को गोली लग गई। दो नाली बंदूक से चली गोली की घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल प्रभुनाथ को स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घटना धनपतगंज थाना क्षेत्र के मड़हा माधवपुर आचार्य गांव की है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम गांव के बाहर अर्जुन वर्मा और अभिनव यादव साथ मौजूद थे। इसी दौरान मड़हा के ग्राम प्रशासक राम मिलन वर्मा वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ा तो दोनों ओर से मारपीट होने लगी। शोरगुल सुनकर गांव के प्रभुनाथ निषाद मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान राम मिलन वर्मा की दो नाली बंदूक से गोली चल गई, जो प्रभुनाथ को जा लगी। गोली लगने से प्रभुनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। गोली चलने की घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने राम मिलन वर्मा के भाई दिनेश वर्मा को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर धनपतगंज और कुड़वार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से दिनेश को छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। एएसपी बृज नारायन सिंह ने बताया कि मारपीट के बीच गोली चली है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी कर लिया गया है, अभी प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।