सुल्तानपुर के कूरेभार थाना क्षेत्र से करीब 41 टन सरिया चोरी करके लखनऊ भेजकर बेचने के मामले का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने शनिवार को ऐनपुर नहर के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की सरिया लदा ट्रक और घटना में प्रयुक्त ट्रेलर बरामद किया। बरामद सरिया की कीमत करीब 19 से 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, सुल्तानपुर निवासी निमेंद्र गोयल ने कूरेभार थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके मामा की फर्म एस. ट्रेडर्स के माध्यम से सरिया लखनऊ भेजी गई थी। निर्धारित स्थान पर सरिया नहीं पहुंची। छानबीन में पता चला कि कूरेभार में सरिया चोरी कर बेच दी गई है। इस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार को पुलिस टीम ने ऐनपुर नहर के पास से अभय मिश्र निवासी सराय कल्याण, कादीपुर और चंदन गौतम निवासी सोनावां, थाना चांदा को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर ट्रक से करीब 41 टन सरिया मिल गई। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त ट्रेलर भी पुलिस को मिल गया है। क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है।