सुल्तानपुर में हलियापुर थाना क्षेत्र के गौहनिया गांव के पास सोमवार शाम खड़ी की गई रोडवेज की जनता सेवा बस मंगलवार सुबह गायब मिली। तलाश के दौरान बस करीब तीन किलोमीटर दूर तिरहुत मोड़ पर जीत मेडिकल स्टोर के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली। बस निर्धारित स्थान से दूर कैसे पहुंची, पुलिस इसकी जांच कर रही है। अयोध्या-जगदीशपुर मार्ग पर चलने वाली बस संख्या यूपी 42 एटी 9923 के चालक उमेश कुमार तिवारी निवासी गौहनिया ने सोमवार शाम करीब सात बजे बस खड़ी की थी। मंगलवार सुबह 5:30 बजे बस गायब मिलने पर उन्होंने तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बस तिरहुत मोड़ के पास मिल गई। सूचना पर पहुंची हलियापुर पुलिस ने चालक उमेश कुमार तिवारी और परिचालक धर्मेंद्र कुमार निवासी बारुर्न को पूछताछ के लिए थाने पर रोका है। रोडवेज के एआरएम और संबंधित इंचार्ज को सूचना दे दी गई है। अधिकारियों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।