फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेठी बाड़ा गल्ला मंडी प्रकरण में व्यापारियों ने सुल्तानपुर में डीएम को सौंपा ज्ञापन

अमेठी बाड़ा गल्ला मंडी से जुड़े व्यापारियों और किरायेदारों ने सोमवार को सुल्तानपुर में मंडी से प्रदर्शन शुरू किया। व्यापारी नारेबाजी करते हुए चौक-चौराहे से सागन चौराहा पहुंचे और वहां से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान व्यापारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंडी की दुकानों और अपनी रोजी-रोटी की सुरक्षा की मांग उठाई। कलेक्ट्रेट पहुंचकर व्यापारियों ने जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह को ज्ञापन सौंपा और मंडी की दुकानों व संबंधित भूमि के मामले में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। व्यापारियों ने नगर पालिका की न्यायालयीय पैरवी, कथित नोटिसों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न किए जाने और 17 मार्च 2026 के एकपक्षीय आदेश सहित कई बिंदुओं की जांच कराने की मांग उठाई। ज्ञापन में संबंधित भूमि के नजूल एवं नगर पालिका संपत्ति से जुड़े अभिलेखों, वर्ष 1957-58 के पट्टा संबंधी दस्तावेजों, किराया रजिस्टर, न्यायालयीय पत्रावली और अन्य राजस्व अभिलेखों का मूल दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन कराने की मांग की गई। व्यापारियों का कहना है कि मंडी से अनेक परिवारों की आजीविका जुड़ी है, इसलिए किसी भी कार्रवाई से पहले पूरे मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है। व्यापारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच की मांग भी की। साथ ही नगर पालिका के नामित अधिवक्ता की भूमिका और कथित हितों के टकराव से जुड़े आरोपों की भी अभिलेखों के आधार पर जांच कराने की मांग ज्ञापन में की गई। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि जांच से पहले किसी व्यक्ति को दोषी नहीं माना जा रहा है और आरोपों की सत्यता का निर्धारण जांच के बाद ही किया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी दुकानें खाली नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की मॉनिटरिंग वह स्वयं कर रहे हैं और प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। डीएम के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपनी मांगों पर उचित कार्रवाई की उम्मीद जताई। ज्ञापन देने वालों में राहुल, अंकित, प्राशु, सौरभ, शैलेंद्र अग्रहरि, उमाशंकर, शंकर लाल कैलाशी, मुन्ना लाल जायसवाल, संजय अग्रवाल, गुरमीत, मिठे सरदार, जेठू, संजय सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि अभिलेखों और न्यायालयीय रिकॉर्ड के आधार पर वास्तविक स्थिति सामने लाना तथा व्यापारियों की आजीविका और सार्वजनिक संपत्ति के हितों की रक्षा करना है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें