सोनभद्र में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को बभनी पुलिस ने सोमवार को भाटीमहुआ के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पांच हजार रुपये, नोट के आकार के काले पेपर के चार बंडल, तीन डिब्बियां केमिकल, फिटकरी, गम, तीन मोबाइल और काला बैग बरामद हुआ। ठगी में प्रयुक्त बाइक भी सीज की गई है। गत रविवार को सागोबांध में अमलेश कुमार को पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगी का प्रयास किया गया था। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भाग निकले थे। सोमवार को दोबारा ठगी की तैयारी की सूचना पर घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिर्जापुर के कछवा थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी जैन प्रसाद और लक्ष्मीनारायण उर्फ परदेशी के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने 10 सितंबर को बलरामपुर में दो लोगों से 30-30 हजार रुपये ठगने की बात स्वीकार की। एसओ अरविंद सरोज ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।