नगर स्थित मां काली मंदिर में शुक्रवार की रात चोरों ने देवी प्रतिमा से चांदी का मुकुट और छत्र चोरी कर लिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर लोगों में आक्रोश फैल गया। एक दिन पहले ही नगर में पुलिस चौकी भवन का लोकार्पण हुआ था। श्रद्धालुओं ने चोरी का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है। बताते हैं कि नगर के प्राचीन काली मंदिर में चोरों ने शुक्रवार की रात देवी प्रतिमा पर लगा चांदी का मुकुट व छत्र चोरी कर लिया। शनिवार की सुबह रोज की तरह लोग जब दर्शन-पूजन को पहुंचे तो मुकुट और छत्र गायब देख सन्न रह गए। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक काली मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी मंदिर परिसर में लगे सबमर्सिबल पंप के तार चोरी हो चुके हैं। श्रद्धालुओं ने चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने, चांदी का मुकुट और छत्र बरामद करने, मंदिर सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है, जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।