सोनभद्र में पिछले 24 घंटे से जिले में हो रही तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर है। बांध-बंधियां लबालब हो चुके हैं। मंगलवार को रिहंद बांध का जलस्तर 871.5 फीट पहुंचने के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे बांध के दो फाटक खोल दिए गए। सभी छह टरबाइन को भी लगातार चलाया जा रहा है। इस तरह रिहंद बांध से 20 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद ओबरा बांध के जलस्तर में भी वृद्धि हुई है। ओबरा बांध के दो अन्य सहित कुल तीन फाटक खोले गए। उधर, कनहर बांध का जलस्तर 262.5 मीटर पहुंचने के कारण बांध के 12 गेट को फाटक मीटर तक खोलकर पानी छोड़ा गया।