रेउसा के अमलोरा गांव में शनिवार सुबह एक युवक और युवती के शव युवक के घर के बाहर बने छप्पर के नीचे अलग-अलग फंदों से लटके मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। जानकारी के अनुसार, अमलोरा गांव निवासी दिलीप (22) पुत्र रामकुमार मिश्र और गांव की ही रुचि (20) पुत्री प्यारे लाल के बीच प्रेम प्रसंग होने की आशंका जताई जा रही है। करीब छह महीने पहले रुचि की शादी हो गई थी। वह करवाचौथ के अवसर पर अपने मायके आई हुई थी। शनिवार सुबह दोनों के शव दिलीप के घर के बाहर बने छप्पर के नीचे अलग-अलग फंदों से लटके मिले। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों के घरों की दूरी करीब 50 मीटर है। सुबह घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी हनुमंत तिवारी ने बताया कि जांच की जा रही है।