सीतापुर में विकास क्षेत्र सकरन के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय किरतापुर के रसोईघर में शुक्रवार को एक विशाल सांप निकलने से विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि विद्यालय के रसोइयों और शिक्षकों की सूझबूझ के चलते समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। सांप दिखाई देने की सूचना तत्काल डायल 112 व वन विभाग, शिक्षा विभाग के साथ साथ उप जिलाधिकारी बिसवां को दी गई। सभी के संज्ञान में मामला आने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की ओर से रेस्क्यू के लिए पहुंचे मुन्ना और सुमित ने पूरी सावधानी बरतते हुए सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान डायल 112 के पुलिसकर्मी दीपक कुमार एवं विवेक तिवारी भी मौके पर मौजूद रहे। घटना के बाद विद्यालय के शिक्षकों ने एहतियात बरतते हुए रसोईघर से सभी खाद्य पदार्थों को बाहर निकलवाया। इसके बाद रसोई में रखे बर्तनों सहित पूरे रसोईघर की पानी से अच्छी तरह सफाई कराई गई, ताकि किसी प्रकार का संक्रमण या गंदगी न रह जाए। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय परिसर में लगभग दो माह तक जलभराव की स्थिति बनी रही थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि बाढ़ एवं जलभराव के चलते सांप विद्यालय परिसर में प्रवेश कर गया होगा और रसोईघर तक पहुंच गया। समय पर सूचना, प्रशासन की तत्परता तथा वन विभाग की टीम के सुरक्षित रेस्क्यू से विद्यालय में संभावित खतरा टल गया।